Newsमप्र छत्तीसगढ़

लाड़ली बहनों ने मुख्यमंत्री की कलाई पर बांधी स्नेह और विश्वास से भरी राखियां

ग्वालियर, – रक्षाबंधन के पावन पर्व पर ग्वालियर की लाड़ली बहनाओं ने मुख्यमंत्री की कलाई पर स्नेह और विश्वास से ओत-प्रोत राखियाँ बांधी। बहनों के हाथों से बंधी इन राखियों के पवित्र धागों ने जहां भाई-बहन के आत्मीय रिश्ते को भावुक बनाया, वहीं प्रदेश की हर बहन के सम्मान, सुरक्षा, स्वावलंबन और खुशहाली के लिए मुख्यमंत्री डॉ यादव के संकल्प को और मजबूत किया। रक्षाबंधन के उपहार स्वरूप लाडली बहन योजना के तहत अतिरिक्त धनराशि देने के लिए ग्वालियर की लाडली बहनों ने मुख्यमंत्री को इस अवसर पर धन्यवाद पत्र भी भेंट किया।
लाड़ली बहनों ने मुख्यमंत्री डॉ यादव के माथे पर रोली का तिलक लगाकर राखी बांधी तो मुख्यमंत्री ने  सभी बहनों को स्नेहपूर्वक आशीर्वाद दिया। इस आत्मीय क्षण में उन्होंने कहा कि बहन और भाई का रिश्ता केवल एक पर्व तक सीमित नहीं है, यह जीवनभर के स्नेह, विश्वास और जिम्मेदारी का रिश्ता है। राखी का यह पवित्र धागा हमें निरंतर याद दिलाता रहेगा कि मध्यप्रदेश की प्रत्येक बहन उनके अपने परिवार का हिस्सा है।
जब महिला सुरक्षा गार्डों ने बाँधे राखी के पावन धागे 
ग्वालियर के राजमाता विजयाराजे सिंधिया एयर टर्मिनल पर रक्षाबंधन के अवसर पर उस समय भावुक दृश्य बन गया, जब सीआईएसएफ की 2 महिला सुरक्षा कर्मियों ने मुख्यमंत्री से राखी बंधवाने का आग्रह किया। सहर्ष अपनी कलाई आगे बढ़ाई और दोनों बहनों से राखी बंधवाई। भाई की रस्म निभाते हुए उन्होंने दोनों को मिष्ठान और उपहार भी भेंट किए।
एयर टर्मिनल पर तैनात महाराष्ट्र निवासी रासकर अश्विनी और राजस्थान निवासी पूनम यादव इस बार रक्षाबंधन पर अपने घर नहीं जा पा रही हैं। अपनों से दूर होने की कसक उनके मन में थी, मुख्यमंत्री की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधते ही उनकी आंखें नम हो गईं। दोनों ने भावुक होकर कहा मुख्यमंत्री ने रक्षाबंधन पर्व पर हमें भाई की कमी महसूस नहीं होने दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *