दिनभर जाम से कराहा ग्वालियर, एंबुलेंस से शव यात्रा तक फंसी
ग्वालियर. शहर में सुबह से लेकर शाम तक सड़कों पर ट्रैफिक जाम लगा रहा। इस कारण एंबुलेंस से लेकर शव यात्रा भी जाम में फंसी रही। सबसे ज्यादा हालत खराब शिंदे की छावनी रोड पर हुई क्योंकि वहां एक तरफ का रास्ता बंद करने के कारण पूरा यातायात नौगजा रोड पर खोल दिया गया जिस कारण वाहन रेंगते हुए चले। जिस रास्ते से निकलने के लिए पांच मिनट लगते थे वहां से निकलने में लगभग आधा घंटा लग गया। लक्ष्मण तलैया से लेकर फूलबाग चौराहे तक रास्ता पूरी तरह जाम रहा। यही स्थिति महल गेट के सामने रही। वहां से गुजरने वाले वाहनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जाम के ये रहे कारण
एलिवेटेड रोड के निर्माण के कारण डीडी मॉल वाला रास्ता बंद होने से हालत और ज्यादा खराब हो गई।
ईद मिलादुन्नवी पर फूलबाग और बहोड़ापुर क्षेत्र से जुलूस निकले, इस कारण जाम लग गया।
शाम को वर्षा होने के कारण लोग घूमने के लिए निकल पड़े जिससे सड़कों पर चार पहिया से लेकर दो पहिया वाहनों की तादात बढ़ गई।
भाजपा के राष्ट्रीय सह मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल के प्रथम नगर आगमन पर निकले जुलूस के कारण भी जाम की स्थिति रही।

