ग्वालियर में होटल के स्विमिंग पूल में डूबने से बच्चे की मौत, परिजन ने दफनाया, पुलिस ने निकाला शव
ग्वालियर. गिरवाई थाना क्षेत्र स्थित एबी रोड के प्रिंस मामा होटल में सोमवार रात (11 मई) हादसा हो गया। परिवार के साथ डिनर और पूल पार्टी करने गए 7 वर्षीय वेद पाल की स्विमिंग पूल में डूबने से मौत हो गई। घटना रात करीब 9:30 से 10 बजे के बीच हुई। परिजन ने सोमवार-मंगलवार की रात करीब 1 बजे बच्चे के शव को दफना दिया था, लेकिन मंगलवार शाम मामला पुलिस तक पहुंचा। बच्चे के पिता और चाचा गिरवाई थाने पहुंचे और घटना की जानकारी दी। उन्होंने होटल प्रबंधन की लापरवाही तय करने के लिए शव निकलवाकर पोस्टमॉर्टम कराने की मांग की।

शव निकलवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया
पुलिस ने बुधवार को लक्ष्मीगंज मुक्तिधाम से बच्चे का शव निकलवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। ग्वालियर में यह संभवतः पहला मामला होगा, जिसमें दफनाए गए बच्चे के शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है।
चाचा के साथ होटल गया था मासूम
जनकगंज स्थित गोल पहाड़िया निवासी देवेंद्र पाल ने बताया कि सोमवार रात वह अपनी पत्नी भारती पाल, बड़े भाई दिनेश पाल के बेटे वेद पाल और रिश्तेदारों के साथ डिनर व पूल पार्टी के लिए प्रिंस मामा होटल गए थे। होटल में बड़े सदस्य स्विमिंग पूल में थे, जबकि बच्चे पास बने बच्चों के पूल में थे। सभी लोग रात करीब 8:30 बजे होटल पहुंचे थे।
होटल के बड़े स्विमिंग पूल में मिला वेद
रात करीब 9:30 से 10 बजे के बीच देवेंद्र पाल ने बच्चों के पूल की तरफ देखा तो वेद वहां नजर नहीं आया। परिजन ने उसकी तलाश शुरू की। कुछ देर बाद बड़े स्विमिंग पूल की गहराई में वेद का शव मिला। उसे अंकुर हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां से जयारोग्य अस्पताल रेफर कर दिया गया। जेएएच पहुंचने पर डॉक्टरों ने रात करीब 12 बजे बच्चे को मृत घोषित कर दिया।

