ग्वालियर में ओवरलोडिंग पर पुलिस की कार्रवाई, 36 सीटर बस में मिले 60 यात्री
ग्वालियर. सवारियों की जान जोखिम में डालकर दौडने वाले ओवरलोड सवारी वाहनों के खिलाफ यातायात पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। शनिवार शाम को चेकिंग अभियान के दौरान डीडी नगर पर पुलिस को ऐसा नजारा मिला जिसे देख अधिकारी भी दंग रह गए। 36 सीटर बस में भेड-बकरियों की तरह 60 सवारियों को ठूंस-ठंसकर भरा गया था। पुलिस ने तत्परता दिखते हुए बस को जब्त कर लिया और 17 हजार रुपए का भारी जुर्माना लगाया। इसके अलावा नियमों की धज्जियां उडाने वाले 20 अन्य वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 41 हजार रुपये का चालान काटा गया।

36 सीटर वाली बस पर 17 हजार की चालानी कार्रवाई
एएसपी यातायात सुजावल जग्गा के निर्देश पर यातायात निरीक्षक अभिषेक रघुवंशी और गोला का मंदिर थाना प्रभारी की टीम ने डीडी नगर पर विशेष चेकिंग पॉइंट लगाया था। इस दौरान अप्सरा ट्रैवल्स की बस को रोक्कर जांच की गई। बस के अंदर का नजारा देखकर पुलिस हैरान रह गई। 36 सीटर क्षमता वाली इस बस में क्षमता से लगभग दोगुनी यानी 60 सवारियां भरी हुई थी जिससे यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा बना हुआ था। पुलिस ने बिना देरी किए बस को जब्त कर थाने में खडा कराया और मौके पर ही 17 हजार रुपये की चालानी कार्रवाई की।

पुलिस की टीम गोला का मंदिर और बारादरी पर चेकिंग की
डीडी नगर में कार्रवाई के बाद यातायात पुलिस की टीम गोला का मंदिर और बारादरी चौराहे पहुंची। यहां भी ओवरलोडिंग और नियमों का उल्लंघन करने वाले ऑटो, ई-रिक्शा और अन्य सवारी वाहनों की सघन चेकिंग की गई। चेकिंग के दौरान करीब 20 ऐसे सवारी वाहन पाए गए जो यात्रियों की जान जोखिम में डालकर फर्राटा भर रहे थे। पुलिस ने इन सभी वाहनों पर कार्रवाई करते हुए कुल 41 हजार रुपय का समन शुल्क वसूला।
सभी अधिकारी और जवान बॉडीबॉर्न कैमरे पहनकर चेकिंग करते नजर आए
कार्रवाई के दौरान वाहन चालकों से होने वाले विवाद और अनर्गल आरोपों से बचने के लिए पुलिस अफसरों ने अनोखी पहल की। चेकिंग में तैनात सभी अधिकारी और जवान बॉडीबॉर्न कैमरे पहनकर चेकिंग करते नजर आए ताकि पूरी कार्रवाई रिकॉर्ड हो सके। इसके अलावा चौराहे के लेफ्ट टर्न पर अवैध रूप से वाहन खडे कर ट्रैफिक जाम करने वाले चालकों को भी पुलिस ने खदेडा और सख्त चेतावनी दी। एएसपी सुजावल जग्गा ने स्पष्ट किया है कि शहर के प्रमुख चौराहों पर ओवरलोडिंग और यातायात बाधित करने वाले वाहनों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

