संभागायुक्त एवं आईजी ने की शिवपुरी जिले की कानून व्यवस्था की समीक्षा
ग्वालियर संभाग आयुक्त एमबी ओझा और आईजी अविनाश शर्मा ने गुरुवार को शिवपुरी जिले का भ्रमण किया। उन्होंने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले की कानून व्यवस्था की समीक्षा की।
बैठक में कलेक्टर श्रीमती अनुग्रहा पी, पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह चंदेल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एचपी वर्मा, अपर कलेक्टर आरएस बालोदिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्रसिंह कंवर, सहायक कलेक्टर श्रीमती काजल जावला, एसडीएम अरविंद बाजपेई सहित पुलिस व प्रशासन के अधिकारी मौजूद थे।
कमिश्नर श्री ओझा एवं आईजी श्री अविनाश शर्मा ने कोरोना वायरस लॉकडाउन के दौरान की गई व्यवस्थाओं पर चर्चा करते हुए कहा कि आगे भी जिले में इसी प्रकार शांतिपूर्ण स्थिति बनाए रखें। आगामी गणेश चतुर्थी एवं मोहर्रम के त्योहार पर प्रशासन व पुलिस की टीम सतर्क होकर काम करें और कोविड.19 के दिशा.निर्देशों का पालन कराएं। उन्होंने कहा इस समय सार्वजनिक तौर पर त्योहारों का आयोजन नहीं करना है। लोगों को समझाएं और हिदायत दें ताकि कहीं भी भीड़भाड़ ना हो और लोग कोरोना से बचे रहें। उन्होंने कहा है कि सभी घर में रहकर ही त्यौहार मनाएं। गणेश चतुर्थी पर मिट्टी की मूर्ति का उपयोग करें और घरों में ही मूर्ति का विसर्जन करें।
उन्होंने कहा है कि जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए टीम मुस्तैदी से काम करे। आगामी समय में विधानसभा उपचुनाव होने वाले हैं। जिले में उपचुनाव के लिए तैयारी करें। जिस प्रकार विधानसभा और लोकसभा चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराए गएए उसी प्रकार आगामी विधानसभा उपचुनाव भी शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सक्रिय होकर काम करना है।

