दूसरे दिन आईएएस व आईपीएस अफसरों के तबादले में अमन सिंह राठौर को दतिया एसपी पदस्थ किया
भोपाल. कमलनाथ सरकार ने लगातार दूसरे दिन आईएएस अफसरों की पदस्थापना में फेरबदल किया है। शनिवार को 4 और आईएएस अफसरों के तबादला आदेश जारी किए गए है। इनमें सागर और उज्जैन संभागायुक्त भी शामिल है। वहीं 2 आईपीएस अफसरों की पदस्थापना की गई है।
रेणु पंत को राज्य सूचना आयोग भेजा
कमलनाथ सरकार ने सागर में पदस्थ संभागायुक्त आनंद कुमार शर्मा को उज्जैन संभागायुक्त बनाया है जबकि उज्जैन में पदस्थ संभागायुक्त अजीत कुमार को आरसीवीपी नरोन्हा प्रशासन और प्रबंधकीय अकादमी का संचालक पदस्थ किया है। ऐसे ही मंत्रालय में पदस्थ ओएसडी रेणु पंत को राज्य सूचना आयोग में विशेष कर्त्तव्यस्थ अधिकारी-सह-सचिव बनाया गया है।
वहीं राज्य सूचना आयोग में पदस्थ विशेष कर्त्तव्यस्थ अधिकारी-सह-सचिव दुर्ग विजय सिंह को मप्र राज्य निर्वाचन आयोग में विशेष कर्त्तव्यस्थ अधिकारी-सह-सचिव नियुक्त किया गया है। सिंह वर्तमान में इस पद के प्रभार में चल रहे थे।
अमन सिंह राठौर को दतिया एसपी पदस्थ किया
कमलनाथ सरकार ने दो आईपीएस अफसरों के भी तबादले किए है। सेनानी 13वीं वाहिनी विसबल ग्वालियर में पदस्थ अमन सिंह राठौर को दतिया एसपी पदस्थ किया गया है। जबकि दतिया में पदस्थ एसपी डी कल्याण चक्रवती की सेवाएं केंद्रीय गृह मंत्रालय को सौंपी दी है। केंद्र सरकार ने चक्रवर्ती को सीबीआई में एसपी पदस्थ किया है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग ने आदेश जारी कर दिए है।

