केदारनाथ मंदिर के पास बादल फटा, यात्रा रुकी, 200 श्रद्धालु फंसे
उत्तराखंड. रुद्रप्रयाग में स्थित केदारनाथ मंदिर से करीब 4 किमी पहले बादल फट गया। घटना बुधवार रात 9 बजे गौरीकुंड से आगे रामबाड़ा और जंगल चट्टी के बीच पैदल मार्ग पर भीम बली के गदेरे में हुई। कुछ ही मिनट में कई मिमी पानी बरस जाने से पहाड़ों से चट्टानें गिरने लगीं। रास्ते में 30 मीटर की सड़क टूटकर उफनती मंदाकिनी नदी में समा गई। घटना के वक्त यात्रा मार्ग खाली थे, लेकिन मंदिर प्रांगण, रामबाड़ा, गौरीकुंड में यात्री मौजूद थे। यहां 200 से ज्यादा श्रद्धालु फंसे हुए हैं, इन्हें निकालने के लिए SDRF जवानों को गौरीकुंड से रवाना किया गया है। फिलहाल यात्रा रोक दी गई है।

इसके अलावा दिल्ली-NCR में भी बुधवार को शाम से देर रात तक तेज बारिश हुई। पूर्वी दिल्ली में शाम 7 बजे से एक घंटे में 119 मिमी (करीब 5 इंच) बारिश रिकॉर्ड की गई। इसे बादल फटने जैसी बारिश कहा जा सकता है। मौसम विभाग ने दिल्ली अगले 24 घंटे के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। बारिश के रेड अलर्ट के चलते देर रात को दिल्ली और कर्नाटक के कुछ जिलों में आज गुरुवार के लिए स्कूल-कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। मौसम विभाग (IMD) ने गुरुवार (1 अगस्त) को 24 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। कर्नाटक में ऑरेंज अलर्ट के चलते आज स्कूल-कॉलेजों की छुट्टी कर दी गई है।

