Newsमप्र छत्तीसगढ़

तेंदूखेड़ा एसडीएम कार्यालय का बाबू रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार, T&CP क्लीयरेंस के एवज में मांगे 30 हजार रूपये

नरसिंहपुर. तेंदूखेड़ा एसडीएम कार्यालय में गुरूवार को जबलपुर ईओडब्ल्यू की 13 सदस्यीय टीम ने बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया है। ईओडब्ल्यू की टीम ने कार्यालय में पदस्थ बाबू सौरभ यादव को आवेदन से 30 हजार रूपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्यवाही के बाद शिकायतकर्ता संजय राय ने एसडीएम पूजा सोनी पर गंभीर आरोप लगाये है। आवेदन संजय राय ने अपनी कॉलोनी की टाउन एंड कंट्री प्लानिंग से संबंधित फाइल को आगे बढ़ाने के लिये आवेदन किया था। बाबू सौरभ यादव ने इस कार्य के एवज में रिश्वत की माग की थी। जिसकी शिकायत आवेदक ने ईओडब्ल्यू मुख्यालय जबलपुर में की थी।
आरोप SDM पर भी लगे
इस कार्यवाही के बाद शिकायतकर्ता संजय राय ने एसडीएम पूजा सोनी पर भी गंभीर आरोप लगाये है। शिकायतकर्ता ने दावा किया है कि स्टेनो सौरभ यादव केवल एक माध्यम था। रिश्वत की असल मांग एसडीएम मैडम के निर्देश पर की गयी थी। संजय राय ने बताया है कि 30 हजार रूपये की रिश्वत के अलावा उन्हें एसडीएम कार्यालय के रेनोवेशन (नवीनीकरण) और कलर पेंट आदि के खर्चो के लिये भी दबाव डाला जा रहा था। पीडि़त का आरोप है कि वह भीषण गर्मी में बार-बार एसडीएम मैडम के पास आकर अपने काम के लिये निवेदन कर रहा था। लेकिन एसडीएम उन्हें लगातार परेशसान कर रही थी।
ईओडब्ल्यू ने जाल बिछाकर आरोपी को पकड़ा
शिकायत के सत्यापन के बाद ईओडब्ल्यू की टीम ने सुनियोजित तरीके से जाल बिछाया। गुरुवार को जैसे ही संजय राय ने रिश्वत की रकम बाबू सौरभ यादव को सौंपी, टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। आरोपी के हाथ धुलवाए जाने पर वे गुलाबी हो गए, जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि हुई। अचानक हुई इस छापामार कार्रवाई से एसडीएम कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कार्रवाई के दौरान टीम ने संबंधित दस्तावेज भी जब्त किए हैं। फिलहाल ईओडब्ल्यू की टीम आरोपी बाबू से पूछताछ कर रही है और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *