मंत्री श्री तोमर ने कलेक्टर एवं निगम आयुक्त के साथ गौशालाओं का किया निरीक्षण
ग्वालियर गौशाला में गायों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होना चाहिए। गुणवत्ता का भोजन उपलब्ध कराने के साथ ही साफ.सफाई और गायों के स्वास्थ्य की जाँच और उपचार की भी पुख्ता व्यवस्था होना चाहिए। गौशाला में प्रतिदिन गायों को हरा चारा मिलेए यह सुनिश्चित किया जाए। प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्नसिंह तोमर ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के दिन नगर निगम द्वारा संचालित लाल टिपारा एवं मार्क हॉस्पिटल परिसर की गौशाला का आकस्मिक निरीक्षण करते हुए यह निर्देश दिए।
गौशाला के निरीक्षण के मौके पर पूर्व विधायक मुन्नालाल गोयल, कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह, नगर निगम आयुक्त संदीप माकिन, सीईओ जिला पंचायत शिवम वर्मा, एडीएम किशोर कान्याल, नगर निगम अपर आयुक्त नरोत्तम भार्गव सहित गौशाला के संत एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने लाल टिपारा गौशाला के निरीक्षण के दौरान निर्देश दिए हैं कि गायों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिये पशु चिकित्सा विभाग के दो चिकित्सक गौशाला में तैनात किए जाएं। इसके साथ ही गौशाला में गायों को प्रतिदिन हरा चारा मिले, यह भी सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि गायों की देखरेख में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होना चाहिए। प्रदेश सरकार द्वारा भी गायों की देखरेख हेतु प्रति गाय 20 रूपए के मान से प्रतिमाह राशि दी जा रही है।
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने लाल टिपारा गौशाला एवं मार्क हॉस्पिटल परिसर में संचालित गौशाला में गायों की अधिक संख्या को देखते हुए अतिरिक्त गौशाला के लिये जगह चिन्हित करने तथा गायों को अन्यत्र शिफ्ट करने पर भी विचार करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इसके साथ ही उन्होंने कलेक्टर से कहा कि मार्क हॉस्पिटल गौशाला एवं लाल टिपारा गौशाला में भी एक.एक आरआई एवं पटवारी को तैनात किया जाए। जो गौशाला में बेहतर प्रबंधन करने तथा चिकित्सकों की उपस्थिति के साथ.साथ अन्य व्यवस्थाओं में भी सहभागी हो सके।

