रेलवे स्टेशन -कान की बाली चोरी करने पर भीड़ ने हाथ-पैर बांध कर पीटा

ग्वालियर. रेलवे स्टेशन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने पर सामने आया है। वीडियो में एक कथित चोर को हाथ बांधकर भीड़ बेरहमी से पीट रही है। सोशल मीडिया पर इस घटना को तालिबानी सजा बताकर शेयर किया जा रहा है। हालांकि पुलिस ने बताया है कि आरोपी का महिला यात्री की सोने की बाली चोरी करने का प्रयास के दौरान यात्रियों ने पकड़ लिया था।
महिला यात्री की बाली चोरी करते पकड़ा
घटना 28 जून रविवार की दोपहर लगभग 2 बजे की है। एक महिला यात्री के कान में पहनी सोने की बाली चोरी करने की कथित प्रयास के दौरान आरोपी को यात्रियों ने रंगे हाथों पकड़ लिया था। इसके बाद घटनास्थल पर मोजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा था।
बच्चे और पत्नी के साथ स्टेशन पर रहता है
ऐसा बताया जा रहा है कि आरोपी अपनी पत्नी और 8 माह के बच्चे के साथ रेलवे स्टेशन पर भीख मांगने के बहाने रहता था। चोरी की घटनाओं का अंजाम देता था। आरपीएफ के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पहले भी चोरी के कई मामले दर्ज है। वह कई बार पकड़ा जा चुका है। उसका मूल निवास विदिशा बताया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि भीड़ से बचने के प्रयास में आरोपी ने अपने 8 माह के बच्चे को प्लेटफार्म पर पटक दिया। इसके बाद लोगों का गुस्सा और बढ़ गया। उसकी दोबारा पिटाई कर दी। इस दावे की पुलिस ने अधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
आरपीएफ ने छुड़ाकर जीआरपी को सौंपा
हंगामे की सूचना मिलते ही आरपीएफ मौके पर पहुंची और आरोपी को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर अपनी निगरानी में लिया। बाद में उसे कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी के हवाले कर दिया गया।
आरपीएफ थाने में पदस्थ एसआई रविंद्र राजावत ने बताया कि महिला यात्री की सोने की बाली चोरी करने के प्रयास में आरोपी को यात्रियों ने पकड़ लिया था और उसके साथ मारपीट की गई। सूचना मिलने पर आरपीएफ मौके पर पहुंची और आरोपी को छुड़ाकर जीआरपी के सुपुर्द कर दिया। आरोपी पहले भी चोरी के कई मामलों में पकड़ा जा चुका है। फिलहाल जीआरपी पूरे मामले की जांच कर रही है।

