मुरार में निर्माणाधीन सड़क धंसी, स्कूली बस गड्ढे में फंसी

ग्वालियर. मुरार इलाके में निर्माणाधीन सड़क की गुणवत्ता पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। सिंहपुर रोड पर बुधवार की सुबह सड़क का एक हिस्सा अचानक लगभग 2फीट नीचे धंस गया है। जिसमें एक स्कूल बस फंस गयी है। गनीमत रही कि बस में सवार सभी बच्चे सुरक्षित बाहर निकाल लिये गये, बड़ा हादसा टल गया।
घटना बुधवार की सुबह लगभग 11.30 बजे स्थानीय पार्षद के घर से लगीाग 50 मीटर आगे हुई। ऐसा बताया जा रहा है। जैसे ही स्कूल बस निर्माणाधीन सड़क से गुजरी, अचानक सड़क का हिस्सा धंस गया। बस का पिछला पहिया गहरे गड्ढे में फंस गया। जिससे बस एक ओर झुक गयी। बस में एक दर्जन से अधिक स्कूली बच्चे सवार थे। बस चालक ने समय रहते ब्रेक लगा दिये, जिससे बस पलटने से बच गयी। हादसे के बाद स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे। बच्चों को सुरक्षित बस से बाहर निकाला। सभी बच्चे सुरक्षित थे। लेकिन घटना से काफी डर गये थे।
निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर उठे सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण में लापरवाही के आरोप लगाए हैं। रहवासियों का कहना है कि सिंहपुर रोड के निर्माण में शुरुआत से ही घटिया सामग्री के इस्तेमाल की शिकायत की जा रही थी। स्थानीय लोगों के अनुसार कुछ दिन पहले भी सड़क निर्माण को लेकर ठेकेदार और रहवासियों के बीच विवाद हुआ था। लोगों ने आरोप लगाया था कि सड़क निर्माण में मुरम और गिट्टी की जगह मिट्टी का भराव किया जा रहा है और सड़क पर सही तरीके से रोलर भी नहीं चलाया गया। उस समय ठेकेदार ने निर्माण कार्य को सही बताते हुए विवाद शांत करा दिया था। लेकिन बुधवार को सड़क धंसने की घटना के बाद लोगों ने फिर से निर्माण कार्य पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

