धनतेरस कल, तैयारियां शुरू, सजने लगे बाजार
ग्वालियर. धनतेरस को लेकर शहरभर के बाजारों में तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। इसका सबसे अधिक रुझान आभूषण और बर्तनों के बाजारों में देखने मिल रहा है। व्यापारी अपने-अपने प्रतिष्ठानों की साज-सज्जा से लेकर नया सामान सजाने में जुटे हुए हैं। अब चाहे नए फैंसी बर्तनों की बात करें या ट्रेंडिंग आभूषणों की या बात करें साेने-चांदी के सिक्कों की,धनतेरस को लेकर व्यापारियों की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। बता दें कि कोरोना काल की मार झेलने के बाद शहर के व्यापारियों को इस बार के त्यौहारों से काफी उम्मीदें हैं। उन्हीं उम्मीदों के आधार पर व्यापारी जोश और उत्साह के साथ धनतेरस के बाजार की तैयारियों में लगे हैं। सराफा व्यापारी बृजेश सहित अन्य व्यापारियों के अनुसार इस बार के बाजार से कोरोना काल में हुए नुकसान की भरपाई होने की उम्मीद है।
लोगों को लुभाएंगे फैंसी बर्तन
दौलतगंज के बर्तन व्यापारी अजय अग्रवाल के अनुसार धनतेरस पर अधिकांश लोग स्टील से बने बर्तन ही खरीदते हैं। इस बार बर्तन बाजार के बाजार ने साधारण बर्तनों के साथ-साथ स्टील से बने कुछ फैंसी बर्तन भी मंगवाए गए हैं। यह बर्तन दिखने में भी आकर्षक हैं साथ ही में टिकाऊ भी हैं तो लोगों को पसंद भी आएंगे। वहीं कापर और नान स्टिक बर्तनों की मांग भी इस बार काफी अच्छी रहेगी।
कीमत – बर्तन
3800 से 4800 रुपये फैंसी क्राकरी डिनर सेट
1600 से 3100 रुपये कापर मटका
1700 से 2300 रुपये ग्रिल पैन(प्रति पीस)
800 से 2000 रुपये कुक एंड सर्व (फैंसी बर्तन)
900 से 2600 रुपये नान स्टिक बर्तन
आभूषण बाजार भी बैठे हैं तैयार
सराफा व्यापारी बृजेश के अनुसार शहर का सराफा बाजार धनतेरस के लिए अपनी तैयारियों को लेकर सक्रिय है। शहरवासियों को आकर्षित करने के लिए सजी-धजी दुकानों से लेकर आकर्षक आभूषणों तक सराफा बाजार की तैयारियां पूरी है। परंपरागत तरीके से खरीदे जाने वाले सोने-चांदी के सिक्के, चांदी के बर्तन सहित अन्य आकर्षक आभूषणों को लेकर व्यापारियों की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। आगामी 22 अक्टूबर को धनतेरस पर शहर में सराफा का अच्छा व्यापार होने की उम्मीद जताई जा रही है ।
आभूषण कीमत (लगभग में)
सोने का सिक्का(1ग्राम) 5100 रूपये
चांदी का सिक्का (10 ग्राम) 1000 रुपये
नक्काशी नेकलेस(35-40 ग्राम) 2.40 लाख रुपये
महारानी हार 10 लाख से शुरू
रजवाडी हार 12 लाख से शुरू

