12वें दिन 1,500 से जागरूकता कार्यक्रमों से लाखों नागरिकों तक पहुंचा नशामुक्ति का संदेश
मैराथन, डिजिटल शपथ, नुक्कड़ नाटक, जन-संवाद और सोशल मीडिया के माध्यम से गूंजा नशामुक्त समाज का संकल्प
भोपाल, -मध्यप्रदेश को नशामुक्त बनाने के संकल्प के साथ पुलिस द्वारा संचालित राज्यव्यापी जन-जागरूकता अभियान ‘नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0’ के 12वें दिन प्रदेशभर में जनभागीदारी का उत्साह निरंतर बढ़ता रहा। अभियान के अंतर्गत पुलिस, विभिन्न शासकीय विभागों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, शैक्षणिक संस्थानों, व्यापारिक संगठनों तथा स्थानीय नागरिकों के सहयोग से 1,500 से अधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनके माध्यम से लाखों नागरिकों तक नशे के दुष्प्रभावों एवं नशामुक्त जीवन के महत्व का संदेश पहुंचाया गया।
अभियान के दौरान पुलिस द्वारा बाजारों, हाट-बाजारों, शॉपिंग मॉल, सार्वजनिक स्थलों, विद्यालयों, छात्रावासों, खेल मैदानों, धार्मिक स्थलों एवं ग्राम पंचायतों में संवाद कार्यक्रम आयोजित कर नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। नागरिकों को स्वयं नशे से दूर रहने तथा परिवार एवं समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प भी दिलाया गया।
इंदौर नगरीय में पुलिस आयुक्त के नेतृत्व में 10 किमी मैराथन एवं डिजिटल शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। अवेयरनेस रथ, एलईडी स्क्रीन, सिनेमाघरों, शैक्षणिक संस्थानों तथा एनसीसी कैडेट्स के सहयोग से व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। प्रसिद्ध भारतीय क्रिकेटर रजत पाटीदार ने भी इंदौर पुलिस की मैराथन में सहभागिता कर युवाओं को फिटनेस अपनाने और नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
भोपाल में “रन फॉर लाइफ” मैराथन में लगभग 6 हजार प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर नशामुक्त, स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज का संकल्प लिया। आईएसबीटी गोविंदपुरा में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया, वहीं पुलिस अधीक्षक भोपाल (देहात) ने रेड एफएम के माध्यम से प्रदेशवासियों से नशामुक्त समाज के निर्माण में सहभागी बनने की अपील की।

