Rajasthan को लेकर अब BJP में हलचलें तेज़, वसुन्धरा राजे सिंधिया समेत टॉप लीडर्स दिल्ली तलब
राजस्थान. राजस्थान भाजपा नेताओं की नई दिल्ली में बैठक – राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की मौजूदगी में शाम को कोर कमेटी में शामिल वरिष्ठ नेताओं की रहेगी मौजूदगी – गहलोत सरकार के 4 वर्ष हो रहे पूरे, बनेगा ‘जन आक्रोश’ का प्लान – प्रधानमंत्री के मानगढ़ बांसवाड़ा धाम में प्रस्तावित दौरे पर भी चर्चा – नेताओं के दिल्ली पहुंचने का सिलसिला जारी है।
गुजरात और हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव की सरगर्मियों के बीच भाजपा का फोकस ‘मिशन राजस्थान’ को लेकर भी बना हुआ है। यही वजह है कि पार्टी का केंद्रीय संगठन राजस्थान प्रदेश की राजनीतिक हलचलों की समीक्षा करने के साथ ही आगामी रणनीति बनाने को लेकर खासा फोकस किए हुए है। इसी क्रम में आज भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने नई दिल्ली में राजस्थान भाजपा कोर कमिटी की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है। बैठक के मुख्य एजेंडे में फिलहाल दो मसलों पर खासतौर से चर्चा होनी हैं। इनमें गहलोत सरकार के चार वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर काला दिवस मनाने और प्रदेशभर में ‘जन आक्रोश’ मनाने के साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 1 नवंबर को बांसवाड़ा के मानगढ़ धाम में प्रस्तावित दौरे की तैयारियों को लेकर चर्चा शामिल है।
कोटा दौरा स्थगित, दिल्ली में बैठक
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का पहले 20 और 21 अक्टूबर को कोटा में बूथ सम्मेलन का कार्यक्रम प्रस्तावित था। लेकिन कार्यक्रम की घोषणा के कुछ वक्त बाद ही इसे निरस्त कर दिया गया। अब नड्डा ने राजस्थान के नेताओं की नई दिल्ली में बैठक बुलाई है। ऐसे में दिल्ली बैठक को लेकर कई मायने निकाले जाने लगे हैं।

