मप्र में स्कूलों के लिए गाइडलाइन जारी, 11वीं व 12वीं 26 जुलाई और 9वीं व 10वीं के स्कूल 5 अगस्त से ही खुलेंगे
भोपाल. मध्य प्रदेश में 11वीं और 12वीं की क्लास 26 जुलाई और 9वीं और 10वीं के स्कूल 5 अगस्त से शुरू होंगे। इस संबंध में स्कूल शिक्षा विभाग ने गाइडलाइन जारी कर दी है इसके अनुसार 11वीं की क्लास सोमवार व गुरूवार और 12वीं की क्लास मंगलवार व शुक्रवार को लगेंगी। वहीं 9वीं की क्लास शनिवार और 10वीं की क्लास बुधवार को लगेगी। वहीं स्कूलों में प्रार्थना सभा व स्वीमिंग पूल समेत अन्य सामूहिक गतिविधियां बंद रहेंगी। स्कूल बसों में 50 प्रतिशत क्षमता के साथ ही चलाया जा सकेगा।
गाइड लाइन के अनुसार स्कूल खोलने के संबंध में अंतिम फेसला जिलों में क्राइसिस मैनेजमेंट कमेटियां लेंगी। जिन जिलों में कोरोना का एक भी केस नहीं है वहां स्कूल खोले जा सकते है लेकिन इस संबंध में आखिरी फेसला क्राइसिस मैनेजमेंट कमेटी, जिले के प्रभारी मंत्री और कलेक्टर आपस में चर्चा करने के बाद लेंगे। स्कूल में हर शिक्षक व अन्य स्टाफ का वैक्सीनेशन अनिवार्य किया गया है। सीएम शिवराज सिंह ने सोमवार को कोरोना की समीक्षा बैठक में कहा था कि स्कूल संचालक और प्रिंसिपल बिना पेरेंट्स की अनुमति के बच्चों को स्कूल नहीं बुलाएं। स्कूल शिक्षा विभाग के आदेश में इसका उल्लेख कियागया है। आदेश में कहा गया है कि ऑनलाइन क्लास यथावत जारी रहेंगी।
12वीं के लिए कोचिंग सेंटर 5 अगस्त से खुलेंगे
12वीं के लिए कोचिंग सेंटर 5 अगस्त से 50 प्रतिशत क्षमता के साथ खुल सकेंगे। क्राइसिस मैनेजमेंट समूह और स्थानीय प्रशासन द्वारा इसकी मॉनिटरिंग की जाएगी और सभी कोचिंगों को गाइड लाइन का पालन करना होगा।
कॉलेजों में 1 सितंबर से नया शिक्षा सत्र
प्रदेश के महाविद्यालयों में 1 सितंबर से नवीन शिक्षा सत्र शुरू होगा, वर्तमान में ओपन बुक पद्धति से एग्जाम ली जा रही है। स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप कॉलेजों में 50 प्रतिशत क्षमता के साथ ऑफलाइन क्लास लगाई जाएंगी।

