LatestNewsअंतरराष्ट्रीयराज्यराष्ट्रीय

भिंड में चार स्थानों पर खाद्य सुरक्षा टीम का छापा, 3 हजार नकली दूध नष्ट कराया

भिंड. खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम और पुलिस ने संयुक्त रूप से शुक्रवार शाम को चार स्थानों पर छापेमारी की, इनमें दो डेयरी, एक चिलर प्लांट और एक छेना बनाने का कारखाना है। एक डेयरी से तीन हजार लीटर नकली दूध मिला है जिसे नष्ट कराया गया है। दूसरी डेयरी से करीब 40 किलो नकली घी और 40 लीटर रिफाइंड, 10 लीटर हाइड्रोजन पर ऑक्साइड, 15 लीटर लिक्विड डिटर्जेंट मिला है। टीम ने चारों जगह से कुल 7 सैंपल लिए है और इन्हें जांच के लिए भोपाल लैब भेजा जा रहा है। पावई डेयरी संचालक को धोखाधड़ी करने की एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है।
टीम पहले पावई पहुंची
खाद्य सुरक्षा अधिकारी बृजेश शिरोमणि, अवनीश गुप्ता अपनी टीम के साथ पावई पहुंचे यहां से थाना प्रभारी सुधाकर तोमर और पुलिस बल के साथ दिनेश डेयरी पर पहुंचे, मौके पर डेयरी संचालक दिनेश पुत्र रामस्नेही बघेल निवासी मनीराम का पुरा पाली मिले। टीम ने डेयरी में सर्चिंग की तो यहां मिलावटी दूध बनाने के लिए रखा 22 किलो स्किमिड मिल्क पाउडर, 40 लीटर रिफाइंड ऑयल, 10 लीटर की कैन हाईड्रोजन पर ऑक्साइड, 15 लीटर लिक्विड डिटर्जेंट, 40 किलो घी से भरी चलार टिन मौके पर मिली। टीम ने यहां से दूधर पाउडर, घी, रिफाइंड ऑयल सहित चार सैंपल लिए है और मौके से डेयरी संचालक दिनेश बघेल को गिरफ्तार किया गया है।
सपरेटा दूध से तैयार हो रहा था असली दूध
भिंड के मानपुरा में सीएसपी आनंद राय, देहात थाना प्रभारी रामबाबू यादव बल के साथ मौके पर पहुंचे यहां अमन डेयरी के संचालक करू उर्फ उदयभन सिंह नरवरिया के यहां तीन हजार लीटर नकली दूध मिला। दूध की कई कैन मौके पर भरी मिली। एक ऑटो से भी दूध की कैन को सप्लाई के लिए भेजा जा रहा था। सीएसपनी आनंद राय का कहना है कि इस डेयरी में सपरेटा दूध में पाउडर मिलाकर नकली दूध बनाया जाता है और बाद में इस दूध को सप्लाई कर दिया जाता है। पुलिस ने ऑटो जब्त कर मौके से जब्त किया गए तीन हजार लीटर दूध को नष्ट कराया है। नष्टीकरण की कार्रवाई से पहले खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने दूध का सैंपल लिया है।
बिना दूध के तैयार हो रहे थे छेना रसगुल्ले
मानपुरा में कार्रवाई के बाद सीएसपी और देहात थाना प्रभारी अपने बल के साथ भारौली पहुंचे। यहां सुनील छेना भंडार के संचालक सुनील बघेल मिले, सीएसपी का कहना है कि मौके पर कहीं भी दूध नहीं मिला लेकिन यहां छेना तैयार किए जा रहे थे। गंदगी के बीच छेना बनाए जा रहे थे। करीब 40 किलो छेना जब्त किए गए है और यहां भी दूध पाउडर और अरारोट के जरिए छेना बनाया जाता है। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने छेना का सैंपल लिया है, छेना नष्ट करा दिए गए।
चिलर प्लांट में मिला 6 हजार लीटर दूध
सीएसपी और देहात थाना प्रभारी यादव जगराम नगर स्थित चिलर प्लांट पहुंचे यहां चिलर संचालक शिशुपाल सिंह भदौरिया की मौजूदगी में करीब 6 हजार लीटर दूध रखा मिला। सीएसपी आनंद राय का कहना है कि मौके से कुछ कैमिकल भी मिला है। कार्रवाई के लिए खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम को बुलाया गया। टीम ने दूध का सैंपल लिया है लेकिन कैमिकल मिलने की बात से इनकार किया है।
रोजाना हजार लीटर दूध चिलर को सप्लाई
पावई थाना प्रभारी सुधाकर सिंह तोमर ने बताया कि पूछताछ में डेयरी संचालक दिनेश बघेल ने बताया है कि उसकी डेयरी पर रोजाना 800 से 1000 लीटर नकली दूध तैयार किया जाता है। इस दूध को मेहगांव के एक चिलर प्लांट को सप्लाई किया जाता है। दिनेश ने बताया कि वह ठिकाने बदल-बदल कर करीब 5 वर्ष से यह कारोबार कर रहा है। नकली दूध से तैयार घी को आसपास के शहरों में खपाने के लिए भेजा जाता है। पुलिस अब दिनेश से और पूछताछ कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *