लंबे समय से दोपहर के समय संचालित होने वाली बेंगलुरु ग्वालियर फ्लाइट के समय में बदलाव
ग्वालियर. हवाई यात्रियों के लिए मई का महीना बडी राहत और बदलाव लेकर आया है। ग्वालियर के राजमाता विजयाराजे सिंधिया एयर टर्मिनल से हवाई सेवाओं के विस्तार और समय में शनिवार से बडा फेरबदल किया गया है। अब न केवल बेंगलुरू की फ्लाइट अपने बदले हुए समय पर आएगी बल्कि 4 मई से दिल्ली के लिए एक नई फ्लाइट भी शुरू हो रही है। इस विस्तार के बाद दिल्ली के लिए फ्लाइट्स की संख्या दोगुनी हो जाएगी जिससे ग्वालियर से देशभर के अन्य शहरों की यात्रा करना काफी आसान हो जाएगा।
लंबे समय से दोपहर के समय संचालित होने वाली बेंगलुरू ग्वालियर फ्लाइट के समय में अब बडा बदलाव कर दिया गया है। शनिवार से यह फ्लाइट दोपहर 12.50 बजे की जगह सुबह 8.05 बजे ग्वालियर एयरपोर्ट पर लैंड करेगी। इस बदलाव का सबसे बडा फायदा उन यात्रियों और कारोबारियों को होगा जो बेंगलुरू से काम के सिलसिले में ग्वालियर आते है। अब उनके पास शहर में अपना काम निपटाने के लिए पूरा दिन उपलब्ध रहेगा।
ग्वालियर वर्तमान में दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरू जैसे महानगरों से सीधा जुडा हुआ है। दिल्ली के लिए फ्रीक्वेंसी बढने का सबसे बडा लाभ यह है कि यात्री दिल्ली पहुंचकर वहां से देश के किसी भी अन्य शहर के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट आसानी से ले सकेंगे। इससे उन यात्रियों को काफी राहत मिलेगी जिन्हें दूसरे शहरों में जाने के लिए पहले लंबा इंतजार करना पडता था।

