इंडिगो वेबसाइट हफ्ते में दूसरी बार ठप, टिकट बुकिंग अटकी
नई दिल्ली. देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो की वेबसाइट शुक्रवार को फिर ठप हो गई। कुछ यात्री वेबसाइट से फ्लाइट बुक नहीं कर पा रहे हैं। कुछ यूजर्स को मोबाइल एप में लॉगिन करने में भी दिक्कत आ रही है। वेबसाइट पर फ्लाइट बुकिंग खोलने पर नो डेटा अवलेबल का मैसेज दिख रहा है। यह इस हफ्ते दूसरा मौका है जब इंडिगो की वेबसाइट और ऑनलाइन सर्विसेज में गड़बड़ी आई है। एयरलाइन ने वेबसाइट पर सर्विस एडवाइजरी जारी कर कहा कि सिस्टम में रुक-रुककर दिक्कत आ रही है। इससे कुछ कस्टमर्स को हमारी ऑनलाइन सर्विसेज का इस्तेमाल करने में दिक्कत हो सकती है। हमारी टीमें इस समस्या को जल्द से जल्द ठीक करने के लिए काम कर रही हैं।

कस्टमर्स सपोर्ट हेल्पलाइन से संपर्क करें
इंडिगो ने यात्रियों से कुछ समय बाद डिजिटल चैनल दोबारा इस्तेमाल करने को कहा। इंडिगो ने कहा कि जिन ग्राहकों को तुरंत यात्रा संबंधी मदद चाहिए, वे कस्टमर्स सपोर्ट हेल्पलाइन से संपर्क करें। जिन कस्टमर्स की यात्रा बाद में है, वे कुछ समय बाद कोशिश करें।
गड़बड़ी उस समस्या के दो दिन बाद सामने आई
शुक्रवार को कई यूजर्स ने इंडिगो के एक्स अकाउंट पर शिकायतें कीं। इनमें फ्लाइट बुकिंग फेल होना, वेब चेक-इन में दिक्कत और पेमेंट कन्फर्मेशन नहीं मिलना शामिल था। यह गड़बड़ी उस समस्या के दो दिन बाद सामने आई, जिसे इंडिगो ने अपने मुख्य रिजर्वेशन प्लेटफॉर्म में माना था। एयरलाइन ने बुधवार को भी एक्स पर बताया था कि उसके रिजर्वेशन सिस्टम में रुक-रुककर दिक्कतें आ रही हैं। इंडिगो ने कहा था कि इस वजह से कुछ ग्राहकों को ऑनलाइन सेवाएं इस्तेमाल करने में परेशानी हो सकती है। एयरलाइन ने यह भी बताया था कि वह समस्या दूर करने के लिए अपने टेक्नोलॉजी पार्टनर के साथ काम कर रही है, लेकिन गड़बड़ी की वजह के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दी थी। बार-बार आ रही इन दिक्कतों से ऑनलाइन टिकट बुक करने या फ्लाइट मैनेज करने वाले यात्रियों को और परेशानी हो सकती है।

