MP में 1 मई से होंगे तबादले
भोपाल. मध्य प्रदेश में करीब ढाई साल बाद 1 से 31 मई तक कर्मचारियों के तबादले होंगे। मंगलवार को डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ने कैबिनेट बैठक की ब्रीफिंग के दौरान यह जानकारी दी। बैठक शुरू होने से पहले सीएम मोहन यादव ने तबादलों से रोक हटाने के संकेत दिए थे। सीएम ने कहा कि हमारी कोशिश रहेगी कि तबादला नीति अगली कैबिनेट बैठक तक आ जाए। बता दें कि मध्य प्रदेश के कर्मचारी लंबे समय से तबादलों का इंतजार कर रहे है। पिछले साल के अंत में कुछ विशेष मामलों में तबादलों की छूट दी गई थी लेकिन इससे कई कर्मचारी वंचित रह गए थे ।
सीएम चाहते थे शैक्षणिक सत्र के बाद तबादले हों
एक वरिष्ठ मंत्री ने बताया कि पिछले साल मुख्यमंत्री की यह मंशा थी कि शैक्षणिक सत्र के बीच में तबादले न हों। सत्र के बीच किसी शिक्षक का तबादला होता है तो उस स्कूल के छात्रों का कोर्स प्रभावित होता है। शिक्षक को भी नई संस्था में जाने के बाद रूटीन में आने में समय लगता है। दूसरे विभागों के कर्मचारियों के बीच में तबादले होते हैं तो उनके बच्चों को स्कूल शिफ्ट करने में परेशानी होती है। कर्मचारी और परिवार सत्र खत्म होने तक दूर-दूर रहते हैं।

