ग्वालियर में नाबालिग ने कार से 5 गाड़ियों को मारी टक्कर, मकान में घुसी गाड़ी
मुरार स्थित सूरी नगर में तेज रफ्तार कार चला रहे नाबालिग की लापरवाही से लोगों की जान खतरे में पड़ गई। अचानक कार बेकाबू हो गई और एक के बाद एक पांच वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में एक इलेक्ट्रिशियन भी घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, सफेद रंग की ग्लांजा कार तेज रफ्तार से आ रही थी। इसी दौरान कार अचानक बेकाबू हो गई और सबसे पहले एक इलेक्ट्रिक स्कूटर को टक्कर मारी। इसके बाद पास में खड़ी हुंडई आई-20 कार और तीन अन्य वाहनों को भी टक्कर मार दी। घटना के दौरान सूरी नगर निवासी विवेक राजपूत के घर इलेक्ट्रिशियन नईम खान काम कर रहा था। बेकाबू कार ने नईम खान को भी टक्कर मार दी और इसके बाद विवेक राजपूत के मकान में जा घुसी। टक्कर से मकान की दीवार क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद कार चला रहा नाबालिग मौके से भाग निकला। घायल नईम खान को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। मामले में पुलिस ने कार चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

