MP-UP के बीच बिछेगी 520 किलोमीटर लंबी रेललाइन, सर्वे हुआ शुरु
भोपाल. मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के बीच 520 किलोमीटर लंबी रेललाइन में हाई स्पीड ट्रैक बिछाया जाएगा जिसका सर्वे कार्य शुरू कर दिया गया है। इस रेल लाइन को 9 हजार करोड से अधिक की लागत से पूरा किया जाएगा। नई रेल लाइन बनने के बाद ट्रेनों की स्पीड और बढ जाएगी। तीसरी लाइन के निर्माण में मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश दोनों राज्यों को सीधा लाभ मिलेगा। पश्चिम मध्य रेल प्रशासन ने फिजिबिलिटी सर्वे शुरू कर दिया है। सर्वे के पूरा होते ही अगली औपचारिकताएं शुरू की जाएगी।
160 किलोमीटर की रफ्तार से दौड़ेंगी ट्रेनें
नई लाइन लगभग 520 किलोमीटर लंबी होगी। जिसपर 160 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से ट्रेनें दौड़ेंगी। अभी इस ट्रैक पर 110 से 120 किमी की रफ्तार से ट्रेनों का संचालन किया जाता है। इससे आने वाले समय में ट्रेनों की संख्या में इजाफा हो सकेगा। इस दौरान करीब 200 ओवरब्रिज और अंडर ब्रिज का निर्माण भी किया जाएगा। परियोजना में कुल 9 हजार 275 करोड की राशि खर्च की जाएगी। इस रूट से सीमेंट, कोयला, बॉक्साइट और अन्य खनिजों का परिवहन होता है। दोहरी लाइन होने के कारण कई बार पैसेंजर ट्रेनें प्रभावित हो जाती हैं। लाइन के तिहरीकरण से सीमेंट एवं अन्य माल परिवहन में तेजी आएगी। इससे औद्योगिक विकास को गति मिलेगी। एक तरह से व्यापार और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र को भी मजबूती मिलेगी।

