MP के डिंडौरी में पिकअप पलटी, 14 की मौत
डिंडौरी. डिंडौरी में एक पिकअप वाहन पलटने से 14 लोगों की मौत हो गई। 20 लोग घायल हैं। वाहन में 35 लोग सवार थे। हादसा शहपुरा थाना क्षेत्र में गुरुवार तड़के तीन से चार बजे के बीच हुआ। मृतकों में 6 पुरुष और 8 महिलाएं शामिल हैं। सभी की उम्र 16 से 60 वर्ष के बीच है। इनमें सात लोग अम्हाई देवरी के हैं। दो पोंडी और एक-एक शव धमनी व सजनिया ले जाए गए हैं। रात में पुलिस तक जानकारी विलंब से पहुंची।इसी के चलते लगभग डेढ़ घंटे तक घायल मौके पर ही तड़पते रहे। पिकअप वाहन 20 फीट नीचे खेत में जाकर पलट गया। हादसे में एक ही गांव के 11 लोगों की जान गई है।
मप्र सरकार मृतकों के स्वजनों को 4-4 लाख रुपये देगी
मप्र के सीएम डॉ मोहन यादव ने मृतकों के स्वजनों को 4-4 लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की है। जिला प्रशासन की ओर से परिवारों को 20-20 हजार रुपये देने की घोषणा की गई है। इस हादसे पर पीएम नरेंद्र माेदी और उपराष्ट्रपति जगदीश धनखड़ ने दुख जताया है।
मृतकों के परिजन को 4.70 लाख, घायलों को 1.50 लाख की सहायता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर घटना पर दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजन और घायलों को प्रधानमंत्री राहत कोष से 50-50 हजार रुपए की सहायता देने की घोषणा की। इधर, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा, कठिन समय में मदद करना हमारा फर्ज बनता है। मृतकों के परिजन को 4-4 लाख और घायलों को 1-1 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी। जांच के बाद क्लियर होगा कि ड्राइवर ने दारू पी थी या नहीं। ये उसका निजी वाहन है। इसमें उसके परिवार के लोगों को ही बैठाया गया था।कैबिनेट मंत्री संपतिया उईके शहपुरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में घायलों से मिलीं। उईके ने कहा कि मृतकों के परिजन को जिला प्रशासन की ओर से 20-20 हजार रुपए की सहायता दी जाएगी।

