1 अगस्त से बदलेगा तत्काल टिकट का नियम, चालू होगा टोकन सिस्टम
भोपाल. तत्काल टिकट व्यवस्था के नियम 1 अगस्त से बदलने जा रहे है। एमपी के भोपाल रेल मंडल के भोपाल, रानी कमलापति सहित सभी रेलवे स्टेशन पर तत्काल टिकट दलालों की पहुंच से दूर करने के लिए टोकन सिस्टम प्रणाली लागू की जा रही है। तत्काल आरक्षण प्रक्रिया के दौरान यात्रियों को टोकन वितरण किए जाएंगे। आरक्षण केंद्रों पर अनाधिकृत व्यक्तियों का प्रवेश बंद करने के लिए खुद का टिकट एवं परिजनों का टिकट लेने आने वालों की पहचान की जाएगी। ऐसा कोई भी व्यक्ति जिसकी पहचान स्थापित नहीं होगी उसे 1 अगस्त से तत्काल टिकट वितरण व्यवस्था के वक्त टिकट खिडकी के आसपास भी फटकने नहीं दिया जाएगा।
ये व्यस्था अभी ऑफ लाइन टिकटों के लिए लागू की जा रही है। सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया ने बताया कि नई व्यवस्था के तहत एसी श्रेणी के तत्काल टिकट के लिए प्रातः 8.30 बजे से 9.00 बजे तक तथा नॉन-एसी श्रेणी के लिए सुबह 9.00 बजे से 9.30 बजे तक टोकन बांटे जाएंगे। प्रत्येक काउंटर पर एसी श्रेणी के लिए अधिकतम 10 तथा नॉन-एसी के लिए 15 टोकन दिए जाएंगे।
भीड के अनुसार स्थानीय अधिकारी इसकी संख्या में बदलाव कर सकते है। टोकनों का आवंटन प्राथमिकता के आधार पर क्रमबद्ध होगा। पहले प्राथमिकता ए श्रेणी के सभी यात्रियों का काम पूरा होने के बाद ही प्राथमिकता बी के आवेदकों को अवसर दिया जाएगा। टोकन गैर-हस्तांतरणीय होंगे और प्रत्येक टोकन का विवरण रजिस्टर में दर्ज होगा।

