Uncategorized

बाढ़ में 1725 लोगों के घर टूट गए, 63 परिवारों को फिर से बनाने पड़ेंगे पूरे मकान, 231 लोगों को हुआ बर्तन-कपड़ों में नुकसान, नाले में बहने से 2 की मौत

भोपाल. 5-6 अगस्त को हुई मूसलाधार बारिश कर बाद जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कई लोगों के घर गिरने से वे बेघर हो गए हैं तो वहीं लोगों के घरों में पानी भरने से खाने-पीने का सामान नष्ट हो गया है। प्रशासन के सामने अब सबसे बड़ा काम इन लोगों को राहत देकर इनका जीवन शुरू करवाने का है। इस दौरान 1149 व्यक्ति प्रभावित हुए हैं। वहीं पानी में बह जाने से दो लोगों की मौत हुई है। प्रशासन द्वारा किये गए सर्वे में यह आंकड़ा निकलकर सामने आया है। बारिश से हुए नुकसान के सर्वे के किये कलेक्टर ने 13 अगस्त तक की डेडलाइन तय की थी। सर्वे के बाद इनको मुआवजा राशि का वितरण शुरू हो गया है।

पिछले हफ्ते हुई बारिश ने सबसे ज्यादा कहर बमोरी इलाके में बरसाया है। बमोरी में 2 हजार मिमी से ज्यादा बारिश दर्ज की जा चुकी है। इसी इलाके में 100 से ज्यादा गांव बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। 50 से ज्यादा गांव का संपर्क मुख्यालय से कट गया था। सोढ़ी गांव से तो 200 लोगों को रेस्क्यू किया गया था। वहीं 6 अगस्त को हुई मूसलाधार बारिश ने तो जिलेभर में जमकर तांडव मचाया था। शहर में एक दर्जन से ज्यादा कॉलोनियों में कई फीट तक पानी भर गया था। इससे जनजीवन जमकर अस्त-व्यस्त हुआ था।

बारिश का दौर थमने के बाद नुक्सान का सर्वे शुरू किया गया। कलेक्टर फ्रैंक नोबल ने 13 अगस्त इसकी डेडलाइन तय की थी। शुक्रवार तक आये आंकड़ों के अनुसार जिले के 1280 गांव में अतिवृष्टि से हुए नुक्सान का सर्वे किया गया है। इन गांव में सर्वे पूरा हो गया है। भारी बारिश के दौरान दो लोगों की नाले में बहने से मौत हुई है। इनके परिवार को 4-4 लाख रूपये का मुआवजा दिया जा चुका है। 5 लोगों के पशु बारिश में बहगए, जिनकी मौत हो गयी। इनके मालिकों को 1 लाख 20 हजार रूपये मुआवजे के रूप में दिए गए हैं।

बारिश के कहर का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है की जिले में 1725 व्यक्तियों के कच्चे मकानों में क्षति हुई है। इनके घरों का कुछ हिस्सा बारिश में ढह गया है। इनके लिए 59 लाख 35 हजार रूपये का मुआवजा तय किया गया है। इसके अलावा 63 परिवार ऐसे हैं जिनका घर पूरी तरह से बर्बाद हो गया है। इनको पूर्ण क्षति की श्रेणी में रखा गया है। इनको 6 हजार रूपये प्रति परिवार के हिसाब से मुआवजा दिया जायेगा। इनके लिए 3 लाख 78 हजार रूपये की राशि दी जा रही है।

231 परिवारों में कपडा-बर्तन का नुकसान
बाढ़ के दौरान शहर की कई कॉलोनियां प्रभावित हुईं। यहाँ रशीद कॉलोनी, श्रीराम कॉलोनी, पटेल नगर, पवन कॉलोनी, गुलाबगंज, भगत सिंह कॉलोनी, नानाखेड़ी सहित कई जगह घरों में पानी भर गया था। रशीद कॉलोनी में तो कई घरों में 5 फीट तक पानी भरा था। ऐसे 231 घर हैं जिनमे पानी भरने से नुकसान हुआ है। इनके घरों में रखे बर्तन, कपडे सहित खाद्य सामग्री तक भीग गयी थी। कई लोगों के फ्रिज, गैस सहित अन्य सामान में नुकसान हुआ है। इनके लिए 11 लाख 52 हजार रूपये की राशि दी गयी है। संयुक्‍त कलेक्‍टर संजीव केशव पाण्‍डे ने बताया कि सर्वे के उपरांत जिन व्‍यक्तियों के नुकसान की सूची आयी है उनको तत्‍काल बिल लगाकर राहत राशि खाते में पहुंचाने की कार्यवाही निरंतर जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *