BJP का नया अध्यक्ष कौन, 3 हस्तियों के नाम की चर्चा तेज
नई दिल्ली. बीजेपी का नया अध्यक्ष कौन होगा, इस पर से जल्दी पर्दा उठने वाला है। नेतृत्च अब पार्टी मामलों पर फोकस करने जा रहा है, खासकर नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की खोज करने पर। पार्टी ने हालांकि अब तक किसी का चयन या घोषणा नहीं की है लेकिन उम्मीद है कि जून मध्य तक अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो जाए। सूत्रों के मुताबिक पार्टी के हाल में उत्तर प्रदेश में 70 नए जिला अध्यक्षों के नाम की घोषणा के बाद यह कयास लगने लगे हैं कि केंद्रीय नेतृत्व अब राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम पर भी फैसला ले लेगा। नए अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद धीमी पड़ गई थी।
MP और उत्तराखंड में भी बदलाव तय
मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री ओबीसी वर्ग के हैं और प्रदेश अध्यक्ष ब्राह्मण हैं, जिस समीकरण ने बीजेपी की काफी मदद की है। हालांकि सूत्रों ने बताया कि अब पार्टी किसी आदिवासी नेता को प्रदेश अध्यक्ष बनाना चाहती है क्योंकि दल में ट्राइबल प्रतिनिधित्व न तो राज्य स्तर पर अच्छा है और न ही राष्ट्रीय स्तर पर। उत्तराखंड में ब्राह्मण नेता प्रदेश अध्यक्ष पद की दौड़ में सबसे आगे हैं। हालांकि अभी इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए 3 चेहरे
धर्मेंद्र प्रधान ओबीसी चेहरा हैं। ओडीशा से चुनाव लड़ते हैं। संगठन में उनकी केंद्रीय नेतृत्व से निकटता के बारे में सब जानते हैं।
शिवराज सिंह चौहान भी बड़े चेहरे के रूप में उभर रहे हैं। वह मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके हैं और अब केंद्रीय मंत्री हैं। वह जमीन से जुड़े नेता हैं। जनता में उनकी छवि काफी अच्छी है।
मनोहर लाल खट्टर हरियाणा के मुख्यमंत्री से केंद्रीय मंत्री बने हैं। उन्हें प्रशासनिक अनुभव है। उनका नाम भी बीजेपी अध्यक्ष पद के लिए चल रहा है।

