इलेक्ट्रिक वाहनों के शोरूम में लगी आग में फंसे 20 लोग

इलेक्ट्रिक वाहनों के शोरूम में लगी आग में फंसे 20 लोग
इंदौर. इलेक्ट्रिक वाहनों के शोरूम में आग लग गयी है। बिल्डिंग की ऊपरी मंजिल पर निवास करने वाले 6 परिवारों के 20 लोग फंसे हुए है। पुलिस और फायर बिग्रेड की टीम ने पड़ोसियों की सहायता से सीढि़यों और रस्सियों के सहारे उनको सुरक्षित निकाल लिया है। हादसा इन्दौर के लसूडि़या इलाके में खालसा चौक के पास शुक्रवार की सुबह 7 बजे हुआ है। शुरूआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह मान रहे हैं।
आग में फंसे लोगों को छत पर आने के लिये बोला
आग अपार्टमेंट के ग्राउंड फ्लोर पर बने इलेक्ट्रिक वाहन शोरूम में लगी थी। ऊपरी मंजिल पर बने फ्लैट्स में लोग सो रहे थे। धुआं भरने पर सांस लेने में परेशानी हुई तो उनकी नींद खुली। उन्होनेे नीचे देखा तो शोरूम से लपटें उठ रही थी। इसी के बगल में में सीढियां बनी थी। जिनके लपटों में घिर जाने की वजह से ऊपर की मंजिलों से लोग नीचे नहीं आ रहे थे। चीख पुकार सुनकर पड़ोस में ही बनी मल्टी स्टोरी इमारत में रहने वाले लोग मदद के लिये आगे आये। उन्होंने तत्काल सीढि़यों और रस्सियों का इंतजाम किया।
बाजू वाली इमारत के लोगों ने दोनों छतों के बीच सीढ़ियां जोड़कर रास्ता बनाया। खिड़कियों और एंगल से रस्सियां बांधकर दूसरी तरफ फेंकी। आग में फंसे कुछ लोग इन सीढ़ियों की मदद से दूसरी बिल्डिंग की छत पर पहुंचे। कुछ लोग रस्सियों से लटककर नीचे उतरे। राहत की बात यह रही कि आग किसी भी फ्लैट तक नहीं पहुंची, जिससे घरेलू सामान सुरक्षित बच गया। हालांकि, शोरूम में रखे सभी इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन जल गए।

