ग्वालियर में बिना नंबर प्लेट की कार रोकने पर हंगामा, महिला ने कहा यह TI की गाड़ी है
ग्वालियर. शहर के पॉश इलाके सिटी सेंटर स्थित माधवनगर गेट के सामने बिना नंबर प्लेट की कार को रोकने पर महिला ने सडक पर जमकर हंगामा कर दिया। कार में अवैध रूप से पुलिस का हूटर लगा था और उसे महिला का बेटा चला रहा था। ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने बैरिकेड लगाकर कार को रोका तो महिला जवानों से बहस और गाली-गलौज करने लगी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बिना नंबर प्लेट की कार में पुलिस का हूटर लगा था। ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने संदिग्ध लगने पर चालक को रूकने का इशारा किया लेकिन उसने गाडी भगाने की कोशिश की। जवानों ने सडक पर बैरिकेड लगा दिए जिसके बाद चालक को कार रोकनी पडी। पूछताछ में सामने आया कि कार चला रहे युवक और उसकी मां दोनों के पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था।

पुलिस वीडियो के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही
कार रूकने के बाद महिला नीचे उतरी और ट्रैफिक जवानों से बहस करने लगी। उसने पुलिस अधिकारियों का नाम लेते हुए कहा कि यह टीआई सुरेंद्र शर्मा की गाडी है जो करना है कर लो। पुलिसकर्मियों ने नियमों के तहत चालानी कार्रवाई शुरू की तो महिला गाली-गलौज करने लगी। उसने कहा कि चालान काटना है तो काटो मैं कोर्ट में भुगतूंगी। महिला के हंगामे और पुलिसकर्मियों से बहस के कारण सडक पर लोगों की भीड जमा हो गई। इस दौरान किसी ने घटना का वीडियो बना लिया जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस वायरल वीडियो और वाहन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
4 हजार रुपए का चालान किया
ट्रैफिक टीआई धनंजय शर्मा के अनुसार महिला का नाम रीना शर्मा बताया जा रहा है। वह खुद को भोपाल में पदस्थ टीआई सुनील शर्मा की पत्नी बता रही थी। घटना के दौरान कार चला रहे युवक का नाम अतुल शर्मा है जिसे वह अपना बेटा बता रही थी। महिला मूलत मोहना थाना क्षेत्र की रहने वाली बताई गई है। पुलिस ने कार का 4 हजार रुपए का चालान किया है। इसके बाद महिला ने अपनी गलती मानते हुए पुलिसकर्मियों से माफी भी मांग ली।

