ग्वालियर के खुरेरी में बनेगी MP की पहली हाइटेक नर्सरी
ग्वालियर. मध्य प्रदेश के लगभग हर जिले और संभाग जैसे रीवा, सतना, इंदौर और भोपाल में उद्यानिकी विभाग की सरकारी पौधशालाएं यानी नर्सरी संचालित हैं, जहां उन्नत किस्म के फलदार, फूलदार और सब्जी वाले पौधे तैयार किए जाते हैं। लेकिन ग्वालियर के खुरेरी में आकार ले रही नई हाइटेक नर्सरी पूरे प्रदेश में अपनी तरह की अनूठी और सबसे अलग होगी। यह न केवल पौधे तैयार करने का जरिया बनेगी, बल्कि इसे एक अत्याधुनिक प्रशिक्षण केंद्र और प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में भी विकसित किया जा रहा है। उद्यानिकी एवं प्रक्षेत्र विकास योजना के तहत लगभग 49 करोड़ रुपये की भारी-भरकम लागत से खुरेरी में इस महत्वाकांक्षी परियोजना को अमलीजामा पहनाया जा रहा है। वर्तमान में इसके प्रथम चरण का निर्माण कार्य तेजी से जारी है, जिसके लिए 14 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत कर इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने का काम शुरू कर दिया गया है।
किसानों के लिए आवासीय प्रशिक्षण और आधुनिक क्लासरूम
खुरेरी हाइटेक नर्सरी को खासतौर पर अंचल के किसानों को इजराइली और आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने के उद्देश्य से डिजाइन किया जा रहा है। यहां एक समय में 50 से अधिक किसानों को एक साथ प्रशिक्षित करने के लिए आधुनिक डिजिटल और ऑडियो-विजुअल सुविधाओं से लैस क्लासरूम तैयार किए जा रहे हैं। दूर-दराज के जिलों और ग्रामीण अंचलों से आने वाले किसानों के रुकने के लिए नर्सरी परिसर के भीतर ही सर्वसुविधायुक्त हॉस्टल व आवास का निर्माण किया जा रहा है।
उन्नत पौध तैयार करने की तकनीक
नर्सरी में ऑटोमेटेड ग्रीनहाउस, पॉलीहाउस और शेडनेट हाउस होंगे, जहां टिशू कल्चर और ग्राफ्टिंग की आधुनिक विधियों से बीमारियों से मुक्त पौधे तैयार किए जाएंगे। जिससे इन्हें खरीदने वाले लोगों को उन्नत किस्म के पौधे मिलें जिससे उन्हें अच्छा उत्पादन मिल सके। साथ ही इस नर्सरी में ऑनलाइन पौधे बेचने की सुविधा दी जाएगी।

