न्यू कलेक्ट्रेट से अलापुर वाया सिरोल तिराहा तक बनी 2.7 किमी व्हाइट टॉपिंग सड़क की गुणवत्ता की जांच

ग्वालियर। शहर में न्यू कलेक्ट्रेट से अलापुर वाया सिरोल तिराहा तक निर्मित 2.7 किलोमीटर लंबी व्हाइट टॉपिंग सड़क की गुणवत्ता को परखने के लिए तकनीकी टीम द्वारा विस्तृत जांच की गई। इस दौरान आधुनिक तकनीक और सॉफ्टवेयर आधारित प्रणाली का उपयोग कर सड़क निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया।
जांच प्रक्रिया के तहत कोर कटिंग मशीन की मदद से सड़क का कोर टेस्ट किया गया। इसके लिए विशेष सॉफ्टवेयर का उपयोग कर रैंडम ऑनलाइन चेकिंग पॉइंट जनरेट किए गए, जिससे जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे। हालांकि सड़क की कुल लंबाई के हिसाब से एक ही पिट का चयन कर उसका परीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उच्च स्तरीय तकनीकी टीम मौजूद रही। टीम में एमपीआरडीसी से मुख्य अभियंता सुनील जैन तथा पीडब्ल्यूडी परिक्षेत्र रीवा से मुख्य अभियंता केके लक्षे शामिल थे। इनके अलावा अधीक्षण यंत्री वसीम खान, कार्यपालन यंत्री देवेंद्र सिंह भदौरिया, एसडीओ ओएन शर्मा एवं उपयंत्री सुखेंद्र लोधी भी जांच में उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि इस व्हाइट टॉपिंग सड़क का निर्माण ठेकेदार प्रताप सिंह तोमर द्वारा कराया गया है। जांच के दौरान सड़क की गुणवत्ता, मोटाई एवं निर्माण मानकों के अनुरूप कार्य होने की पुष्टि के लिए तकनीकी परीक्षण किए गए। संबंधित अधिकारियों के अनुसार, इस प्रकार की तकनीकी जांच से निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के साथ-साथ भविष्य में बेहतर कार्यप्रणाली अपनाने में भी मदद मिलती है।

