16 अगस्त से शुरू होगी वैष्णो देवी की यात्रा
जम्मू. वैष्णो देवी की यात्रा रविवार से शुरू हो रही है लेकिन अभी भी कोई चहल-पहल नहीं दिख रही है। सड़के सूनी है और होटल-रेस्टोरेंट बंद है। न्यू बस स्टैंड पर कोरोना टेस्ट के लिए अस्थायी सेंटर बनाया जा रहा है। कटरा में ऐसे तीन सेंटर बनाए जा रहे है। बाहरी राज्यों में आने वाले यात्रियों को पहले इन्हीं सेंटर्स में लाया जाएगा। यहां उनका कोरोना टेस्ट होगा। रिपोर्ट कुछ ही मिनटों में आ जाएगी इसके बाद उन्हें यात्रा के लिए आगे भेजा जाएगा।
दर्शनी गेट पर मेडिकल चेकअप के लिए अस्थायी सेंटर तैयार किया जा रहा
वैष्णो देवी की यात्रा का पारंपरिक मार्ग बाणगंगा है यहां स्थित दर्शनी गेट से यात्रा शुरू होती है। यहां से मां के दरबार की दूरी करीब 14 किमी है। दर्शनी गेट पर मेडिकल चेकअप के लिए अस्थायी सेंटर तैयार किया जा रहा है। इसका काम शनिवार दोपहर से ही शुरू हुआ। सोशल डिस्टेंसिंग को मेंटेन करने के लिए यहां सफेद रंग के सर्कल भी बनाए गए है।जहां सर्कल खत्म होते है वहां हाथों को साफ करने के लिए हैंड सैनिटाइजर की मशीन लगाई गई है। पास में ही टेम्प्रेचर चेक करने की मशीन भी लगी है। यहां से भक्त मेडिकल चेकअप वाले टेंट में जाएंगे जहां डॉक्टर्स की टीम उनकी हेल्थ की जांच करेगी और कोरोना की रिपोर्ट देखेगी इसके बाद महिला और पुरूषों की लाइनें अलग-अलग हो जाएगी। अभी यात्रा सिर्फ पारंपरिक बाणगंगा मार्ग से ही होगी।

