LatestNewsमप्र छत्तीसगढ़राज्य

ग्वालियर में सुबह से बारिश, तिघरा बांध का जलस्तर बढ़ा

ग्वालियर. शहर में रविवार सुबह से बारिश का दौर जारी रहा, कभी तेज तो कभी रूक रूककर हुई बारिश से मौसम पूरी तरह बदल गया। लगातार बारिश से तापमान में गिरावट आई और उसम व गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली है। दोपहर तक शहर में करीब 35 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। बारिश के कारण कई इलाकों में सडकों पर पानी भी जमा हो गया। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को शहर का न्यूनतम तापमान 25.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 0.5 डिग्री कम रहा। सुबह 8.30 बजे तक 6.4 मिमी बारिश हुई थी जो सुबह 11.30 बजे तक बढकर 35 मिमी हो गई। वातावरण में नमी भी काफी अधिक रही। सुबह 8.30 बजे सापेक्षिक आर्द्रता 100 प्रतिशत रिकॉर्ड की गई।

बांध का जलस्तर 5 फीट बढकर 737 फीट के आसपास पहुंचा
लगातार बारिश का असर शहर के मुख्य जलस्त्रोत तिघरा बांध पर भी दिखाई दे रहा है। दो दिन में बांध का जलस्तर करीब 5 फीट बढकर 737 फीट के आसपास पहुंच गया है। 3 सितंबर की रात तिघरा का जलस्तर 728.40 फीट था जो 5 सितंबर की रात बढकर करीब 737 फीट हो गया। यानी दो दिनों में जलस्तर में लगभग 5 फीट की बढोतरी हुई है।
शहर में जलसंकट की चिंता कम हुई
तिघरा में लगातार पानी की आवक बढने से ग्वालियर शहर में जलसंकट की चिंता काफी कम हुई है। बांध में पर्याप्त पानी आने से सिंचाई के लिए भी पानी उपलब्ध होने की उम्मीद है। पिछले दिनों जलस्तर कम होने के कारण शहर की जलापूर्ति को लेकर चिंता बढ गई थी और सालभर की सप्लाई पर भी सवाल उठ रहे थे। अब बारिश के बाद हालात में सुधार हुआ है। इससे आने वाले महीनों में ग्वालियर शहर को पानी के संकट से राहत मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *