काली फिल्म, हूटर और बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों पर यातायात पुलिस की कार्रवाई

13 हूटर किए जब्त, 73 बिना नंबर प्लेट वाली कारों के चालान; 1.55 लाख रुपए का जुर्माना वसूला
ग्वालियर। यातायात पुलिस ने वाहन चेकिंग अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की। इस दौरान स्कॉर्पियो सहित अन्य वाहनों पर लगी काली फिल्म, हूटर-सायरन और अवैध फ्लैश लाइट की जांच की गई। कार्रवाई के दौरान 13 हूटर के चालान किए गए, जबकि बिना नंबर प्लेट चल रही 73 कारों के चालान किए गए। यातायात पुलिस ने अभियान के दौरान कुल 1 लाख 55 हजार रुपए का जुर्माना वसूल किया।
वाहन चेकिंग के दौरान हूटर-सायरन, बिना नंबर प्लेट, लाल, पीली एवं नीली फ्लैश लाइट, सरकारी स्टीकर, पदनाम, मोनोग्राम, प्रतीक चिन्ह और वाहनों पर ब्लैक फिल्म का उपयोग करने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस की कार्रवाई कंपू थाने क्षेत्र में केपीएस तोमर, गोला का मंदिर क्षेत्र में अभिषेक रघुवंशी और झांसी रोड क्षेत्र में धनंजय शर्मा के नेतृत्व/उपस्थिति में की गई। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से नियमों का पालन करने की अपील की है।

