ट्रांसपोर्ट नगर में 706 लीटर गोवर्धन प्योर गाय घी जब्त, चार नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे

ग्वालियर, – दूध एवं दुग्ध उत्पादों में मिलावट की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने ट्रांसपोर्ट नगर स्थित श्री राधिका एजेंसी का निरीक्षण कर 706 लीटर गोवर्धन प्योर गाय घी, जिसकी अनुमानित कीमत 4 लाख 62 हजार रुपये है, जब्त किया है। घी के चार विधिक नमूने लिए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देशों के पालन में जिलेभर में दूध एवं दुग्ध उत्पादों की सघन जांच का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्राप्त सूचना के आधार पर अपर कलेक्टर अनिल बनवारिया के मार्गदर्शन और तहसीलदार ने राजस्व एवं खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने ट्रांसपोर्ट नगर में मदरसा के पास स्थित राधिका एजेंसी का निरीक्षण किया।
फर्म में गोवर्धन प्योर गाय घी का 10 किलोग्राम, एक लीटर, 500 मिलीलीटर एवं 200 मिलीलीटर पैकिंग में कुल लगभग 706 लीटर स्टॉक पाया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी लोकेन्द्र सिंह ने फर्म संचालक योगेश बंसल की मौजूदगी में घी के चार विधिक नमूने लिए। इसके बाद शेष 706 लीटर घी, जिसकी कुल कीमत लगभग 4 लाख 62 हजार रुपये है, को नियमानुसार जब्त किया गया।जब्त किए गए घी के विधिक नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे जाएंगे। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।\ खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने उदयपुरवाला स्वीट्स, लोको रोड, हजीरा का भी निरीक्षण किया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी सतीश कुमार धाकड़ ने यहां से मलाई बर्फी का नमूना लिया, जिसे नियमानुसार जांच के लिए भेजा जाएगा।

