डबरा मंडी में किसानों ने नायब तहसीलदार से की मारपीट, टूटा चश्मा, नाक निकला खून, गेंहू के दाम बढ़ने पर हुआ विवाद
ग्वालियर. भितरवार कृषि उपजमंडी परिसर में बुधवार की दोपहर डाक बोली बन्द होने के बाद किसानों ने हंगामा कर दिया। इस बीच कुछ किसान उग्र हो गये। उन्होंने नायब तहसीलदार हरनाम सिंह के साथ मारपीट कर दी है। घटना में नायब तहसीलदार का वश्मा टूट गया और उनकी नाक से खून निकलने लगा था।
बुधवार की दोपहर 2 बजे डाक बोली बन्द होने के बाद किसानों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ने पर एसडीएम राजीव समाधिया के निद्रेश पर नायब तहसीलदार हरनामसिंह और शिवदाया शर्मा घटनास्थल पर पहुंचे। वह किसानां को यह समझा रहे थे कि डाक बोली जल्द ही सुचारू कर दी जायेगी।
गेंहू के दाम पर हुआ था झगड़ा
हालांकि, कई किसानों का कहना था कि सुबह गेहूं 2500 रूपये प्रति क्विंटल बिका था। लेकिन दोपहर में 2200 रूपये में बिकने लगा था। इस पर नायब तहसीलदार का कहना था कि यह व्यापारियों का विषय है और अनाज की गुणवत्ता पर दाम निर्भर करते हैं। इसी बात पर कुछ किसान भड़क गये और उन्होंने नायब तहसीलदार हरनामसिंह पर हमला कर दिया है।
नायब तहसीलदार की नाक पर चोट
किसानों ने नायब तहसीलदार हरनाम सिंह का चश्मा खींच लिया, जिससे उनकी नाक पर चोट लगी और खून बहने लगा। हंगामे की स्थिति बढ़ने के बाद नायब तहसीलदार हरनाम सिंह मौके से वापस आ गए। उनके पीछे-पीछे दूसरे नायब तहसीलदार शिवदयाल शर्मा भी कार्यालय पहुंचे। मंडी आज सुबह से ही हंगामा की स्थिति बनी हुई थी। सुबह कुछ किसानों की फसल तुल पाई थी, जबकि कई किसान रह गए थे। दोपहर में सोमेंद्र ट्रेडर्स के मंडी परिसर में रखे अनाज में आग लगने से भी कई घंटे तक अफरा-तफरी का माहौल रहा था।
फिलहाल, नायब तहसीलदार हरनाम सिंह ने थाने में आवेदन देकर मामले में कानूनी कार्रवाई की बात कही है। जब इस संबंध में नायब तहसीलदार हरनाम सिंह से बात की तो उनका कहना था कि दोपहर 2:00 बजे की डाक बोली के बाद व्यापारियों ने तोल बंद कर दी थी। किसानों ने हंगामा किया था। हम लोग मौके पर पहुंचे। उन्हें समझा रहे थे। इस दौरान तीन किसान उग्र हो गए। उन्होंने मेरा चश्मा खींचते हुए मारपीट कर दी। मामले में थाने में आवेदन देकर कार्यवाही करवा रहे हैं।

