डॉ. अंबेडकर ने हमें संविधान के माध्यम से अनेक अधिकार और कर्तव्य बताए हैं– सांसद
ग्वालियर – भारतरत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर जिला स्तरीय कार्यक्रम क्षेत्रीय सांसद भारत सिंह कुशवाह के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। समारोह में बाबा साहब अंबेडकर द्वारा बताए गए मार्ग पर चलकर देश को और सशक्त बनाने का संकल्प भी लिया गया। कार्यक्रम नगर निगम के बाल भवन सभागार में आयोजित हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गेश कुँवर सिंह जाटव ने की। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया, जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रियंका सिंह, कलेक्टर रुचिका चौहान, अपर आयुक्त प्रतीक राव, एडीएम सीबी प्रसाद, अपर आयुक्त नगर निगम मुनीष सिकरवार सहित बड़ी संख्या में महिलायें एवं स्कूली बच्चे शामिल हुए।
भारतरत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम से अनेक जनकल्याण के कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से जरूरतमंदों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के महू में बाबा साहब अंबेडकर स्मारक के विस्तार का कार्य करने के साथ-साथ ग्वालियर के जौरासी में भी डॉ. अंबेडकर धाम का निर्माण किया जा रहा है।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गेश जाटव ने कहा कि बाबा साहब अंबेडकर ने समाज में समरसता लाने का संदेश दिया है। कलेक्टर ने भारतरत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय समारोह में कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर जयंती महिला समानता और सशक्तिकरण के लिये किए गए प्रयासों और उनके योगदान को स्मरण करने का दिन है। इसके साथ ही अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत सहायता राशि देने का प्रावधान है। ग्वालियर जिले में पिछले दो वर्षों में लगभग 50 करोड़ रुपए की सहायता राशि प्रदान की गई है। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि भारतरत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती सम्पूर्ण प्रदेश की तरह ग्वालियर जिले में भी धूमधाम से मनाई जा रही है।
सांसद ने दिलाई समरसता की शपथ
भारतरत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर आयोजित जिला स्तरीय समारोह के अंत में क्षेत्रीय सांसद ने सभी को सामाजिक समरसता की शपथ दिलाई।

