कोणांक नर्सिंग होम के पास पाइप लाइन फटने से ट्रैफिक बाधित, सुधार कार्य पूरा होने की संभावना
ग्वालियर। शहर के रामदास घाटी से शिंदे की छावनी मार्ग के बीच खल्लासीपुरा क्षेत्र में शनिवार सुबह पानी की सप्लाई लाइन फटने से यातायात प्रभावित हो गया। सूचना मिलते ही पीएचई विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मरम्मत कार्य शुरू किया गया।
पाइप लाइन फटने के चलते कोणांक नर्सिंग होम के पास बैरिकेड्स लगाकर ट्रैफिक रोक दिया गया। इससे वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों से होकर गुजरना पड़ा, जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। विभाग के अधिकारियों के अनुसार मरम्मत कार्य दोपहर तक पूरा कर लिया जाएगा, जिसके बाद यातायात सामान्य कर दिया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक, खल्लासीपुरा क्षेत्र में सड़क के बीच बने गहरे गड्ढों को तीन दिन पहले ही मुरम डालकर भरा गया था। भारी वाहनों के दबाव के कारण नीचे से गुजर रही करीब 3 इंच की पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई और फट गई। पाइप लाइन टूटने के बाद सड़क पर पानी भर गया, जिससे मुरम कीचड़ में तब्दील हो गई और स्थिति और खराब हो गई।

