सोने ने बनाया नया रिकॉर्ड, पहली बार 94 हजार पार
नई दिल्ली. सोने के दाम ने आज यानी 16 अप्रैल को नया ऑल टाइम हाई बनाया। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के अनुसार 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का दाम 1387 बढकर 94489 पर पहुंच गया। इससे पहले 10 ग्राम सोने की कीमत 93102 थी। 1 किलो चांदी की कीमत आज 373 बढकर 95403 प्रति किलो हो गई है। इससे पहले चांदी का भाव 95030 प्रति किलो था। वहीं 28 मार्च को चांदी ने 100934 और 11 अप्रैल को सोने ने 93353 का हाई बनाया था।
सोने में तेजी के कारण
अमेरिका की टैरिफ पॉलिसी के कारण ट्रेड वॉर का खतरा बढ़ गया है। इससे इकोनॉमी के बढ़ने की रफ्तार धीमी हो सकती है। ग्लोबल मंदी की आशंका भी बढ गई है। ऐसे में लोग सोने में अपना निवेश बढ़ा रहे हैं। मंदी के समय सोने को सुरक्षित निवेश माना जाता है।
शादियों का मौसम नजदीक आ रहा है, ऐसे में सोने के गहनों की मांग बढ़ रही है। मुंबई, दिल्ली और चेन्नई जैसे शहरों में ज्वैलर्स ने बताया कि ऊंची कीमतों के बावजूद बिक्री में तेजी है, क्योंकि लोग सोने को निवेश और समृद्धि के प्रतीक के रूप में देखते हैं।

