सर्वोच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति खानविलकर मुख्य अतिथि और राज्य के मुख्य न्यायाधीश श्री मलीमथ विशिष्ट अतिथि होंगे
उच्च न्यायालय अभिभाषक संघ -सर्वोच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति श्री माहेश्वरी का 4 दिसम्बर को होगा अभिनंदन समारोह
ग्वालियर सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति जितेन्द्र कुमार माहेश्वरी का 4 दिसम्बर को उच्च न्यायालय अभिभाषक संघ द्वारा समारोहपूर्वक अभिनंदन किया जायेगा। अभिनंदन समारोह इस दिन अपरान्ह 4 बजे सर्वोच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति एएन खानविलकर के मुख्य आतिथ्य में जीवाजी विश्वविद्यालय के अटल बिहारी वाजपेयी इन्टरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में आयोजित होगा। इस अवसर पर मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश आरव्ही मलीमथ बतौर विशिष्ट अतिथि मौजूद रहेंगे।
इस आयोजन में न्यायमूर्ति शील नागू व रोहित आर्या, महाधिवक्ता प्रशांत सिंह एवं स्टेटबार एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय चौधरी अतिथि के रूप में शामिल होंगे। अभिनंदन समारोह में उच्च न्यायालय खण्डपीठ ग्वालियर सहित जबलपुर व इंदौर के न्यायमूर्तिगण एवं सेवानिवृत न्यायमूर्तिगण भाग लेंगे।
यह जानकारी अतिरिक्त महाधिवक्ता एवं उच्च न्यायालय अभिभाषक संघ ग्वालियर के अध्यक्ष एमपी एस रघुवंशी तथा सचिव दिलीप अवस्थी ने अभिभाषक संघ के कार्यालय में आयोजित हुए एक कार्यक्रम में दी। श्री रघुवंशी ने बताया कि 50 वर्ष से अधिक समय से वकालत कर रहे अधिवक्ताओं एवं विधि के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान देने वाले अधिवक्ताओं का सम्मान भी इस आयोजन में किया जायेगा। कार्यक्रम में इंदौर व जबलपुर अभिभाषक संघ के अध्यक्ष व सचिव तथा क्षेत्राधिकार के सभी जिलों के अध्यक्ष व सचिवों के अलावा वरिष्ठ अधिवक्तागण वरिष्ठ उपाध्यक्ष विष्णु शिवहरे, उपाध्यक्ष मनोज दिबौलिया, वरिष्ठ सचिव आशीष सिंह भदौरिया, सह सचिव सुश्री मृदुला जुत्शी, कोषाध्यक्ष पल्लव त्रिपाठी, मास्टर ऑफ लाइब्रेरी सुनील पाठक तथा एमएस दुबे, अनूप शिवहरे, ओमेन्द्र सिंह कुशवाह, अमित त्रिपाठी, जितेन्द्र शर्मा व सुश्री सविता श्रीवास्तव मौजूद थे।

