एक्ट्रेस कंगना रनोट पर पंजाब में हमला
चंडीगढ़. कंगना रनोट को शुक्रवार को रोपड़ टोल प्लाजा में भीड़ के गुस्से का सामना करना पड़ा, कंगना ने ही सोशल मीडिया पर इस बात की जानकारी दी कि जब वे मनाली से चंडीगढ़ जा रही थी तब उन्हें चंडीगढ़-ऊना नेशनल हाईवे पर कीरतपुर साहिब में किसानों ने रोक लिया। उन्होंने घटना का वीडियो भी शेयर किया है और लिखा कि जैसे ही पंजाब में कदम रखा भीड़ ने हमला कर दिया और वे लोग कह रहे हैं कि वे किसान है। कंगना के अनुसार भीड उनसे माफी मांगने को कह रही थी। करीब एक घंटे तक भीड़ ने कंगना को घेरे रखा। कंगना ने अपने इंस्टाग्राम पर घटना का वीडियो भी शेयर किया।
किसान मोहाली में विरोध करने के लिए इकट्ठा हो रहे
कंगना चंडीगढ़ जा रही थीं, जहां रोपड़ टोल प्लाजा, चंडीगढ़-उना हाईवे पर जाम लगाकर उन्हें रोक लिया गया। किसानों के अलावा यहां बड़ी तादाद में पुलिस भी मौजूद थी, लेकिन भीड़ कंगना की गाड़ी को आगे नहीं जाने दे रही थी। लोग उनसे माफी मांगने को कह रहे थे। विरोध के लिए किसानों के इकट्ठा होने का पता चलते ही पुलिस ने टोल से 200 मीटर पहले कंगना के काफिले को मोरिंडा के गांवों में घुसा दिया। गांवों के रास्ते फिर उन्हें हाईवे पर लाया गया। हालांकि अब किसान मोहाली में विरोध करने के लिए इकट्ठा हो रहे हैं।
पंजाबियों, सिख महिलाओं से माफी मांगो
जिस वक्त घेराव हुआ, कंगना की गाड़ी के आगे उनके सिक्योरिटी वाहन और इसके आगे पंजाब पुलिस की भी दो गाड़ियां लगी हुई थीं। इसके बावजूद विरोध को रोका नहीं जा सका। लोग लगातार मांग कर रहे थे कि कंगना अपनी गाड़ी से बाहर निकलें और पंजाबियों और खासकर सिखों और महिलाओं से माफी मांगें।

