सराफा कारीगर 180 ग्राम सोना लेकर फरार, पुलिस ने की एफआईआर दर्ज
ग्वालियर. एक सराफा व्यापारी को उसकी ही शॉप के कारीगर ने करीब 15 लाख रूपये का चूना लगा दिया। आरोपी कारीगर सोने की चेन बनाने काकाम करता था। रस्सा डिजायन चेन बनाने में उस मास्टरी हासिल थी। 4 मई को सराफा व्यापारी ने उसे 180 ग्राम सोना दिया था। वह व्यापारी के व्यवसायिक परिसर में ही बने क्वार्टर में रहता था। 7 मई को सुबह सब्जी लेने निकला, लेकिन फिर लौटा ही नहीं।
जब वह दुकान पर भी नहीं पहुंचा तो व्यापारी ने पड़ताल ने पड़ताल की। उसके रूम का ताला तोड़ा तो अंदर कहीं भी सोना नहीं मिला। व्यापारी ने क्वार्टर में लगे सीसीटीवी खंगाले तो वह दराज में से सोने की चेन और सोना उठाकर जाता दिखाई दे रहा है। घटना बाईसाहब की परेड जनकगंज की है। पुलिस ने व्यापारी की शिकायत पर अमानत में खयानत का मामर्ला दर्ज किया है।
सीएसपी लश्कर मनीष यादव से मिली जानकारी के मुताबिक शहर के दालबाजार तेजेन्द्रनाथ की गली निवासी शिवम पुत्र प्रेमचंद अग्रवाल सराफा व्यापारी है। उनका सोने की चेन बनाने का काम है। बाईसाहब की परेड पर उनका प्रतिष्ठान है। उनके यहां पर 8 कारीगर काम करते हैं। सभी कारीगर अलग-अलग डिजाइन की सोने की चेन बनाने का काम करते हैं। सभी कारीगरों को प्रतिष्ठान परिसर में ही कमरे दिये गये है। 4 मई को उन्होंने रस्सा चेन बनाने मोनू पुत्र अशोककुमार निवासी उन्नाव यूपी को 180 ग्राम सोना दिया था। मोनू के साथ अनिल कुमार निवासी उन्नाव रस्सा चेन बनाता है। दोनों एक ही कमरे में रहते हैं।
सब्जी लेने जाने की कहकर गया फिर नहीं लौटा
छह मई को अनिल कुमार छुट्टी लेकर अपने गांव चला गया था। इसके अगले ही दिन 7 मई को आरोपी कारीगर मोनू सब्जी लेने जाने का कहकर निकला फिर वापस नहीं लौटा। जब मोनू दोपहर तक दुकान पर भी नहीं पहुंचा तो शिवम अग्रवाल ने स्टाफ से पूछताछ की। उसके रूम मेट अनिल को कॉल लगाया। अनिल ने मोनू को कॉल किया तो मोबाइल बंद था।
CCTV कैमरे में चेन उठाकर जाता दिखा
शंका होने पर व्यापारी ने मोनू के रूम का ताला तोड़ा तो अंदर कोई सोना या चेन नहीं मिली। इसके बाद वहां क्वार्टर में लगे CCTV कैमरे चेक लिए। जिसमें कारीगर मोनू सोने की चेन लेकर जाता कैद हुआ है। इसका पता चलते ही वह थाने पहुंचे और मामले की शिकायत की। पुलिस ने उनकी शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।

