LatestNewsराजनीतिराज्यराष्ट्रीय

विधायक पर 26 दिन के अंदर 2 एफआईआर, न जमीन दी और न ही लौटाये रूपये, कर्ज में डूब गया पीडि़त, आत्मदाह की दी धमकी तब हुई एफआईआर

मुरैना. सुमावली से विधायक अजब सिंह कुशवाह पर गुरूवार की रात जमीन की धोखाधड़ी की एफआईआर हजीरा थाना में दर्ज की गयी है। 26 दिन में विधायक पर यह दूसरी एफआईआर है और अभी तक ग्वालियर में 4 मामले में उन पर दर्ज हो चुके हैं। इस मामले में सागरताल रोड पर 2 बीघा जमीन बेचने विधायक और उसके दामाद ने पीडि़त से 1.08 करोड़ रूपये लिये थे और इसके बाद जमीन पर कोर्ट में विवाद का बहाना बताकर जमीन नहीं दी। घटना साल 2013 की है लगातार 8 वर्ष से विधायक पीडि़त को अलग अलग जगह पर जमीन देने का भरोसा दिलाता रहा, लेकिन जमीन नहीं दी। इस बीच पीडि़त कर्ज में डूब गया। पीडि़त ने एसपी ऑफिस पहुंचकर हंगामा कर आत्मदाह की धमकी दी थी। जिसके बाद हजीरा थाना में मामला दर्ज किया गया है।
क्या है पूरा मामला
सुमावली से विधायक अजब सिंह कुशवाह और उनके दामाद रंजीत कुशवाह के द्वारा वर्ष 2013 में सागरताल रोड पर एक कॉलोनी काटी जा रही थी। इस दौरान थाटीपुर के तरुण विहार कॉलोनी निवासी कृष्णा गोपाल चौरसिया की मुलाकात उनसे हुई थी। अजबसिंह ने कृष्णा गोपाल को साइड विजिट कराई। इसके बाद कृष्णा गोपाल को जगह पसंद आ गई। उन्होंने 2 बीघा जमीन खरीदने के लिए डील की। विधायक अजब सिंह ने एडवांस के तौर पर 1 करोड़ 8 लाख रुपए कृष्णा गोपाल से ले लिए पर जब जमीन की रजिस्ट्री की बात सामने आई तो कृष्णा गोपाल से अजब सिंह ने कहा कि सागरताल रोड की जमीन पर कुछ विवाद सामने आ गया है। कोर्ट में मामला है इसलिए उस समय रजिस्ट्री नहीं की। काफी समय निकल गया और जब कृष्ण गोपाल ने बार.बार चक्कर लगाए तो विधायक अजब सिंह ने श्योपुर में उसे प्राइम लोकेशन पर जमीन देने के लिए फिर से नया अनुबंध किया पर श्योपुर में भी जमीन नहीं दी।
अभी तक 4 एफआईआर दर्ज हो चुकी
ग्वालियर में विधायक अजब सिंह कुशवाह पर यह धोखाधड़ी की चौथी एफआईआर है। पिछले 26 दिनों में यह दूसरा मामला दर्ज हुआ है। 26 दिन पूर्व महाराजपुरा थाना में 2 करोड़ रूपये की धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। सीएसपी महाराजपुरा रवि भदौरिया ने बताया कि हजीरा में अजब सिंह और रंजीत सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। जिसकी जांच में जुटी हुई है पुलिस।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *