Newsमप्र छत्तीसगढ़

कीलों की प्लेट से ट्रैक्टर-ट्रॉली को पंचर कर रोका, रेत माफिया के हमले से बचने के लिये अपनाया नया तरीका

मुरैना. सुप्रीम कोर्ट की सख्ती के बाद वन विभाग और एसएएफ बल अवैध रेत परिवहन पर लगातार कार्यवाही को अंजाम दे रहा है। इस कड़ी में नेशनल हाइवे-44 पर वन डिपो के सामने बनी वन चौकी पर टीम ने एक नया तरीका अपनाया है। सोमवार की सुबह 5 बजे अवैध रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली का आता देख वन विभाग ने सड़क पर धारदार लोहे की प्लेट फेंक दी। इससे ट्रैक्टर-ट्रॉली के टायर पंचर होने से ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गयी। इसका वीडियो भी सामने आया है।
टायर पंचर होने की वजह से ट्रैक्टर-ट्रॉली बेकाबू होकर पलट गयी। जिसके बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर घटनास्थल से फरार हो गये ।वन विभाग की टीम ने तत्काल क्रेन बुलाकर, उसकी मदद से ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत का जब्त किया है। यह ट्रैक्टर-ट्रॉली बिना नम्बर का है। इसलिये विभाग अब इसके इंजन और चेसिस नम्बर के माध्यम से मालिक को ढूंढा जायेगा।
हमले से बचने के लिए तैयार की खास प्लेट
रेत माफिया के जानलेवा हमलों से निपटने के लिए वन विभाग ने देवरी गेम रेंज चेक पोस्ट पर यह खास तरीका अपनाया है। देवरी घड़ियाल अधीक्षक श्याम सिंह चौहान ने बताया कि जहां सुगम मार्ग है, वहां रेत माफिया सीधे ट्रैक्टर चढ़ाकर टीम पर हमला कर देते हैं। इससे मैदानी स्टाफ की जान को हमेशा खतरा बना रहता है।
अधीक्षक चौहान ने बताया कि हाल ही में एक वन आरक्षक की इसी तरह ट्रैक्टर चढ़ाकर हत्या कर दी गई थी। इसलिए इन लोहे की पत्तियों की मदद से सिर्फ टायर पंचर किया जाता है, ताकि टीम पर कोई हमला न हो सके। इसी तरीके का इस्तेमाल करते हुए आज सुबह भी सुरक्षित ढंग से यह कार्रवाई की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *