रेत ठेकेदार के गनर से लूट-हथियाद बंद बदमाशों ने लूटे 90 हजार रूपये और रायफल की मैग्जीन लूटी
ग्वालियर. रायल्टी की रसीद काट रहे ठेकेदार के कर्मचारियों की 4 हथियारबंद बदमाशों ने मारपीट कर 90 हजार रूपये व रायफल की मैगजीन लूट कर ले गये। घटना को अंजाम देने आये बदमाश गनर की रायफल भी तोड़ गये। घटना पिछोर थाना क्षेत्र के केथोदा में पिछली रात लगभग 12.30 बजे की है। घटना का पता चलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है। लेकिन बदमाश पुलिस के हाथ नहीं आये। पुलिस बदमाशों का पता लगाने के लिये जुट गयी है और इस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।
क्या है पूरा मामला
ग्वालियर के बेहट दंगियापुरा निवासी 27 वर्षीय रामधुन पुत्र कल्याण गुर्जर पिछोर में केपी सिंह भदौरिया के रेत के ठेके पर गनमैन का काम करता है। सोमवार रात वह अपने साथियों भीकम सिंह निवासी भिण्ड और आलोक भदौरिया निवासी गोरमी के साथ डंपर व ट्रैक्टरों की रॉयल्टी की रसीद काट रहे थे कि तभी एक बाइक से चार युवक आए और बाइक को कुछ दूरी पर छोड़कर उनके पास पहुंचे। पास आते ही दो युवकों ने उन पर रायफल तान दी और दो ने उन पर कट्टे। वह कुछ भी समझ पाते उससे पहले ही बदमाशों ने उनकी मारपीट कर दी। जब रामधुन ने अपनी रायफल उतारी तो बदमाशों ने उनकी रायफल से मैग्जीन छीनने के साथ ही उसे पटककर तोड़ दिया।
पहले मोबाइल तोड़े फिर रूपये लूटे
बदमाशों ने सबसे पहले मोबाइल तोड़े और फिर मारपीट की, 2 दिन की रॉयल्टी के रखे 90 हजार रूपये छीन लिये। जिससे वह किसी को कॉल कर मदद ना मांग सकें और इसके बाद बदमाश रूपये लेकर भाग गये। बदमाशों के भागने के बाद घायल कर्मचारियों ने लूट की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल में जुट गयी।
स्थानीय हो सकते हैं बदमाश
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि बदमाश स्थानीय हो सकते हैं और रैकी करने के बाद ही वारदात को अंजाम दिया होगा। अब पुलिस बदमाशों के साथ ही नये बदमाशों की जानकारी जुटा रही है जो हाल ही के दिनों में यहां पर देखे गये हैं।
पुलिस बोली
टीआई पिछोर केडी सिंह ने बताया कि पीडित की शिकायत पर लूट का मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश की जा रही है, जल्द ही बदमाशों को दबोच लिया जायेगा।

