राजस्व विभाग का बड़ा फैसला, 12 हजार पटवारी का होगा ट्रांसफर
भोपाल. मध्य प्रदेश के करीब 12 हजार पटवारी और राजस्व निरीक्षक का ट्रांसफर होने जा रहा है। इस संबंध में राजस्व विभाग ने सभी जिला कलेक्टरों को आदेश जारी किया है। जारी आदेश में कहा गया है कि ऐसे पटवारी जो गृह तहसील में पदस्थ है और राजस्व निरीक्षक गृह अनुविभाग में पदस्थ है, उनको हटाकर अन्यत्र पदस्थ किया जाए।
शिकायत मिलने पर कार्रवाई का दिया आदेश
दरअसल राजस्व विभाग को शिकायतें प्राप्त हुई थीं कि अधिकांश जिलों में पटवारी अपने गृह तहसील और राजस्व निरीक्षक आरआई अपने गृह अनुविभाग में पदस्थ है। इससे शासन की कार्य व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है जिसके बाद यह निर्णय लिया गया है। कलेक्टरों से स्पष्ट तौर पर कहा गया है कि वे ऐसे पटवारियों को चिह्नित कर सूची तैयार करें और हटाने की कार्रवाई की जाए।
आए दिन रिश्वत लेते पकड़े जाते हैं पटवारी
राजस्व विभाग के अधीन कार्यरत पटवारी आए दिन जिलों में लोकायुक्त संगठन की कार्रवाई में रिश्वत लेते पकड़े जाते हैं। रिश्वत लेने के मामलों में एक साल में ही 20 से अधिक पटवारी लोकायुक्त की छापेमार कार्रवाई में पकड़े जा चुके हैं। रिश्वत के बढ़ते मामलों को देखते हुए पटवारियों को अपने गृह जिले से बाहर करने का निर्णय लिया गया है।

