महाराष्ट्र में बारिश से तबाही, कई गांव डूबे, हजारों यात्री फंसे
मुंबई. महाराष्ट्र के कई जिलों में भारी बारिश के चलते नदियां उफान पर है, भारी बारिश की वजह से कोंकण क्षेत्र की प्रमुख नदियां रत्नागिरि और रायगढ़ जिले में नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही है और सरकारी अमला प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने में जुटा है। बाढ़ के चलते कई गांवों का बाहरी दुनिया से संपर्क टूट गया है वहीं ट्रेन सेवाएं भी प्रभावित हुई है और करीब 6 हजार यात्री फंस गए।
पीएम मोदी ने की सीएम उद्धव से बात
महाराष्ट्र में बाढ़ के हालात के चलते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से बात की। पीएम मोदी ने ट्वीट किया कि महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे से बात की और भारी बारिश व बाढ़ के मद्देनजर महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में स्थिति पर चर्चा की। स्थिति से निपटने के लिए केंद्र से हर संभव सहायता का आश्वासन दिया और सभी की सुरक्षा और सलामती के लिए प्रार्थना की।
रेल और सड़क यातायात प्रभावित
भारी बारिश की वजह से मुंबई सहित राज्य के कई अन्य हिस्सों में रेल और सड़क यातायात प्रभावित हुआ है। इसकी वजह से अधिकारियों को बचाव कार्य में प्रशासन की मदद के लिए एनडीआरएफ टीम बुलानी पड़ी। कोंकण रेलवे मार्ग प्रभावित होने की वजह से अब तक 9 रेलगाडि़यों का रूट बदला गया या फिर रद्द किया गया है या उनके रूट को छोटा किया गया है। सीएम उद्धव ठाकरे ने लगातार हो रही बारिश से कोंकण और रायगढ़ जिलों में उत्पन्न स्थिति की समीक्षा की।

