मप्र में विकास बढ़ाने वाला है केन्द्रीय बजट: लालसिंह आर्य
ग्वालियर . केन्द्रीय बजट में इस बार सबसे ज्यादा किसानों के हितों का ध्यान रखा गया है। यही नहीं जिन फसलों को कांग्रेस शासनकाल में एमएसपी से दूर रखा गया, उनको भी मोदी सरकार ने दायरे में लाकर किसानों को लाभ दिया। इसके अलावा गेहूं और चावल में एमएसपी के रूप में कई गुना धनराशि बढ़ाई गई है। यह जानकारी गुरुवार को भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह आर्य ने दी। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि इस बजट में मध्यप्रदेश सड़कों से लेकर सिंचाई परियोजना और रेलवे नेटवर्क विस्तार के लिए कई गुना धनराशि दी गई है। उक्त बात गुरूवार को भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह आर्य ने होटल सनातन धर्म मन्दिर रोड पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए कही। इस अवसर पर भाजपा ग्वालियर महानगर के जिलाध्यक्ष कमल माखीजानी, ग्रामीण जिलाध्यक्ष कौशल शर्मा उपस्थित थे।
कोरोना महामारी के बाद भी केन्द्र सरकार ने जलकल्याणकारी और विकास पर आधारित बजट बनाया है। सरकार ने 8 करोड़ लोगों को उज्जवला योजना के तहत फ्री एलपीजी सिलेंडर दिए। 80 करोड़ लोगों को फ्री राशन दिया, जिसकी कीमत करीब 90 हजार करोड़ रुपए है। इसी प्रकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना रखी, जो अब मंत्र बन गया। इसी कारण देश में वेंटीलेटर, मास्क और पीपीई किट का रिकॉर्ड उत्पादन हुआ। कांग्रेस के शासनकाल में तो यह सब कुछ नहीं होता था।

