भाजपा गहलोत सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाएगी
जयपुर. सचिन पायलट खेमे के विधायकों की वापसी के साथ एक बार ऐसा लग रहा था कि राजस्थान का सियासी संकट अब थम गया है लेकिन राजस्थान की सियासत में अभी भाजपा ने गर्मी पैदा कर दी है। राजस्थान में भाजपा ने अशोक गहलोत सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने का फैसला किया है।
विधायक दल की बैठक में फैसला लिया गया
राजस्थान विधानसभा का सत्र 14 अगस्त से शुरू होने वाला है और आज 13 अगस्त को भाजपा के विधायक दल की बैठक में सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने का फैसला लिया गया है। राजस्थान में विधानसभा में भाजपा नेता गुलाबचंद कटारिया ने कहा कि कांग्रेस अपने घर में टांका लगाकर कपड़े जोडना चाह रही है लेकिन अब ये कपड़ा पूरी तरह से फट चुका है और जर्जर हो चुका है। उन्होंने दावा किया कि अशोक गहलोत सरकार जल्द ही गिरने वाली है। वहीं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पुनिया ने दावा किया कि सरकार में आपस में ही अंतर्विरोध है इस कारण यह सरकार बच नहीं पाएगी।
बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भी शामिल हुई
गुरूवार को भाजपा विधायक दल की बैठक जयपुर में हुई और इसमें पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भी शामिल हुई थ। केंद्रीय नेतृत्व की ओर से भी प्रतिनिधि में बैठक में हिस्सा लिया था। जानकारी के अनुसार राज्यपाल के आदेश के बाद 14 अगस्त से राजस्थान विधानसभा का सत्र शुरू होने वाला है। कांग्रेस से बगावत करने वाले सचिन पायलट एक बार फिर पार्टी में वापस पहुंच चुके है ऐसे में अशोक गहलोत सरकार के लिए अभी भी सचिन पायलट गुट के नाराज विधायक मुसीबत पैदा कर सकते है जिन्हें साधने के प्रयास अब शुरू हो चुके है।

