ग्वालियर समेत प्रदेशभर में बेयर हैंड व हॉट लाइन मेंटेनेंस तकनीक लागू, बिना बिजली काटे होगी ट्रांसमिशन लाइनों की मरम्मत
ग्वालियर. बिजली लाइनों के रखरखाव के नाम पर होने वाली कटौती से अब उपभोक्ताओं को राहत देगी। मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी ने ग्वालियर समेत प्रदेशभर में एक्स्ट्रा हाई वोल्टेज ट्रांसमिशन लाइनों और सब स्टेशनों के रखरखाव के लिए बेयर हैंड और हॉट लाइन मेंटेनेंस तकनीक लागू कर दी है। इस तकनीक के जरिए बिजली आपूर्ति बंद किए बिना ही ट्रांसमिशन लाइनों की मरम्मत और रखरखाव किया जा सकेगा। नई व्यवस्था से न केवल अनावश्यक शटडाउन कम होंगे बल्कि बिजली आपूर्ति की विश्वसनीयता भी बढेगी और फाल्ट की स्थिति में तेजी से सुधार कार्य हो सकेगा। अब तक ट्रांसमिशन लाइनों के रखरखाव के लिए संबंधित लाइन को कुछ समय के लिए बंद करना पडता था। इसके कारण कई क्षेत्रों में घंटों बिजली आपूर्ति प्रभावित होती थी।
नई तकनीक में विशेष प्रशिक्षण प्राप्त इंजीनियर और तकनीकी कर्मचारी अत्याधुनिक सुरक्षा उपकरणों की मदद से चालू लाइन पर ही मरम्मत और रखरखाव का कार्य करेंगे। इससे उपभोक्ताओं को बिजली कटौती का सामना नहीं करना पडेगा।
कंपनी अब पारंपरिक ब्रेकडाउन मेंटेनेंस के बजाय प्रिवेंटिव और प्रेडिक्टिव मेंटेनेंस पर जोर दे रही है। नियमित निरीक्षण, थर्मल स्कैनिंग, परीक्षण और आधुनिक मानिटरिंग तकनीकों के माध्यम से संभावित खराबियों की पहले ही पहचान कर उन्हें दूर किया जाएगा। इससे अचानक होने वाले फॉल्ट, ट्रिपिंग और बडे बिजली व्यवधान की घटनाएं कम होंगी।

