बीएसएफ मुख्यालय के पास घूमता मिला बीएसएफ की संदिग्ध वर्दी में, आधी रात को पुलिस ने दबोचा, बोला-भर्ती में फेंल हुआ था

ग्वालियर. बिलौआ थाना इलाके मे बीएसएफ टेकनपुर मुख्यालय के पास पुलिस ने आधी रात को एक संदिग्ध युवक को दबोचा है। युवक मकोड़ा गांव के पास बीएसएफ (बॉर्डर सिक्यूरिटी फोर्स) की हवलदार रैंक के यूनीफॉर्म पहनकर घूम रहा था। जब पुलिस ने उसे रोका और पहचान पत्र मांगा तो वह घबरा गया और कोई वैध आईडी कार्ड नहीं दिखा पाया। उसके पास एक बैग था जिस पर राहुल सिंह एचसी, यूनिट एसटीसी लिखा हुआ था।
युवक की पहचान यूपी के मैनपुरी जिले के निवासी 26, वर्षीय राहुल सिंह पुत्र मलखान सिंह जाटव के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने पहले बताया कि उकस बड़ा भाई बीएसएफ में है। लेकिन जब पुलिस ने उससे भाई का नाम पूछा तो वह नहीं बता सका। इसके बाद जांच में सामने आया कि उसका कोई भाई बीएसएफ में नहीं है।
भर्ती में हुआ था फेल
बिलौआ थाना पुलिस युवक को थाने ले गयी और वहां जब सख्ती से पूछताछ की गयी तो उसने स्वीकार किया कि उसने बीएसएफ में भर्ती की परीक्षा दी थी। लेकिन सिलेक्शन में नहीं हो पाया। इसके बावजूद उसने अपने घर में यह झूठ बोल दिया कि उसका चयन हो गया है। वह मकोड़ा में ही रहकर बीएसएफ की वर्दी पहनता था ताकि परिजनों को लगे िकवह ड्यूटी पर है। वह वर्दी में घर भी जाता था और लौटता भी उसी वेश में था।
वर्दी पहने युवक हेडक्वार्टर के पास घूम रहा था
बिलौआ थाना प्रभारी इला टंडन ने बताया कि ग्वालियर एसएसपी के निर्देश पर बीएसएफ टेकनपुर हेडक्वार्टर के आसपास पुलिस द्वारा विशेष गश्त की जा रही है। हाल ही में पहलगाम आतंकी हमले और भारत के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद भारत-पाक तनाव को देखते हुए ग्वालियर को अति संवेदनशील घोषित किया गया है। ऐसे में बीएसएफ परिसर के आसपास हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।रविवार-सोमवार दरमियानी रात मकोड़ा क्षेत्र में सूचना मिली कि बीएसएफ की वर्दी पहने एक युवक संदिग्ध रूप से घूम रहा है। पुलिस की पेट्रोलिंग टीम ने मौके पर पहुंचकर युवक को रोका और पूछताछ की। वह पहले खुद को बीएसएफ जवान बताता रहा, लेकिन जैसे-जैसे सवाल बढ़े, वह घबराने लगा। जब आईडी कार्ड मांगा गया तो उसने कहा कि वह घर पर रह गया है। बाद में वॉट्सऐप पर दिखाने के लिए कहा गया तो भी वह सकपका गया।

