पुलिस ने 8 गाडि़यों और 45 जवानों के साथ लंका पहाड़ पर दी दविश, 12 संदिग्ध हिरासत में पूछताछ जारी
ग्वालियर. तिघरा के गिर्जा गांव से योगी गुर्जर द्वारा अपनी प्रेमिका अंजू गुर्जर का अपहरण करने के बाद पुलिस की घेराबंदी से भयभीत होकर लंका पहाड़ पर छोड़कर फरार हो गया है। इसी मामले में एसएसपी धर्मवीर सिंह ने पुलिस बल के साथ तिघरा के जंगल में दस्तक देते हुए सर्च ऑपरेशन चलाया है। शनिवार को पुरानी छावनी में 2 एएसपी, सीएसपी और 5 थाने की टीआई सहित 45 जवानों के दल ने एक जुट होकर रणनीति बनाई। बंदूकों और हथियारों से लैस होकर पूरा दल 8 गाडि़यों में सवार होकर जंगलों की ओर निकले। पुरानी छावनी से पहाड़ी गांव से होते हुए बानमौर के जंगलों में 25 किमी तक सर्चिंग ऑपरेशन चलाया। पुलिस के आने की खबर मिलते ही बदमाश फरार हो गये। पुलिस ने जंगल में 30 से ज्यादा लोगों से पूछताछ की और बदमाशों की मदद करने वालों 12 संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस इन संदिग्धों से पूछताछ कर बदमाशों के ठिकानों और अन्य सहयोगियों का पता लगा रही है।
जंगल के रास्ते UP कनेक्शन
दतिया के रतनगढ होते ही जंगल का रास्ता उत्तरप्रदेश की सीमा से मिल जाता है। यही कारण है कि पुलिस के लिये यह इलाका सबसे चुनौतीपूर्ण जोन बन गया है।
राजस्थान में छिपे होने की खबर
पुलिस सूत्रों के अनुसार घटना के बाद मुख्य आरोपी योगी गुर्जर गैंग के साथ राजस्थान की सीमा पार कर चुका है। ऐसा माना जा रहा है कि बदमाश जंगल के अन्दर किसी गोपनीय ठिकाने पर छिपे हुए है। पुलिस अब इन ठिकानों को तलाशने की रणनीति पर काम कर रही हे। पुलिस जंगल में ऑपरेशन चला रही है।
खनन माफिया से वसूलता है गुण्डा टैक्स
जंगल में आदिवासी और गुर्जर समाज के लोग रहते हैं। जो बदमाशों के संपर्क सूत्र है। यहीं लोग उन्हें भोजन और जरूरी सामान पहुंचाते हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक गैंग के सदस्य जंगल में होने वाले पत्थर और बालू खनन करने वाले माफिया से वसूली करते हैं। बदमाशों इनके गुंडा टैक्स वसूलते हैं। खनन इलाके में सक्रिय ट्रैक्टर मालिक और ठेकेदार इन्हें हर माह मोटी रकम देते है। इन्हीं पैसों से गैंग के सदस्य हथियार खरीदते हैं। गैंग जंगल से सटे गांवों और शहरों में चोरी, लूट और फायरिंग जैसी वारदातें करता है।
क्या है पूरी घटना
8 अक्टूबर की रात 8.30 बजे तिघरा के गिर्जा गांव में रहने वाले गिर्राज गुर्जर 23, के घर में 15-20 हथियारों से लैस बदमाश गुसे और दनादन गोलीबारी की। बंदूक के बटों से गिर्राज के पिता ब्रजलाल 50, मां भगवती, दादी धर्मवंती 80, चाचा रामेश्वर 32, को पीटा था। मारपीटी की सभी को घायल किया और गिर्राज की पत्नी अंजू का उठाकर ले गये थे। घटना का मुख्य आरोपी योगी गुर्जर है।
यह है बदमाश
गिर्राज की शिकायत पर पुलिस ने योगेन्द्र उर्फ योगी, अंके गुर्जर, कल्ली उर्फ किलेदार, डीपी गुर्जर, तहसीला गुर्जर, शेरू गुर्जर भोला, गुर्जर रवि गुर्जर, सत्यवीर गुर्जर, प्रदीप गुर्जर, समेत 12 नामजद और 4 अन्य बदमाशों के खिलाफ मामले किये थे। योगेन्द्र पर हत्या के प्रयास, लूट, चोरी, फायरिंग और मारपीट के 10 मामले पहले से दर्ज है। उसके छोटे भाई पर 2, कल्ली पर 13, तहसीला पर 3, बिज्जे पर 10, रवि 6, सत्यवीर गुर्जर पर 18 आपराधिक प्रकरण दर्ज है।
अपराधी जल्द ही हमारे शिकंजे में होगे, तलाश जारी
तिघरा के गिर्जा गांव में गुर्जर परिवार के घर में फायरिंग और मारपीट कर महिला का अपहरण करने वाले बदमाशों की तलाश में पुलिस ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया है। पुलिस महिला को तो सुरक्षित ले आयी ।लेकिन अब बदमाशों की तलाश में जुटी है। पुलिस ने अपराधियों के ठिकानों पर दविश दी, लेकिन अभी कोई मिला नहीं है। अपराधी जहां भी होंगे पुलिस उन्हें खोज निकालेगी। जल्द ही सभी की गिरफ्तारी की जायेगी। पुलिस ने 12 संदिग्धों को हिरासत में लिया है उनसे पूछताछ की जा रही है।
धर्मवीर सिंह, एसएसपी, ग्वालियर

